राष्ट्रगान का सम्मान करना हमें बचपन से सिखाया जाता है, हालांकि इसके बावजूद भी कई लोग राष्ट्रगान का अपमान कर विवादों में आ चुके हैं। इस वक्त एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें दो लड़कियां सिगरेट लेते हुए राष्ट्रगान गा रही हैं और इसका मजाक बना रही है। वीडियो देखने के बाद लोग इस पर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।

राष्ट्रगान का मजाक उड़ाते लड़कियों का वीडियो वायरल

वायरल हो रहा वीडियो पश्चिम बंगाल के कोलकाता का बताया जा रहा है। राष्ट्रगान गाते वक्त लड़कियों के हाथ में सिगरेट थी और दोनों राष्ट्रगान गाते वक्त हंस रही थीं। वीडियो में उनके अंदाज और हाव-भाव से समझा जा सकता है कि दोनों लड़कियां राष्ट्रगान का मजाक बना रही हैं। सोशल मीडिया पर लोग वायरल वीडियो पर आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं।

यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

वीडियो को ट्विटर अकाउंट पर अनुपम भट्टाचार्जी ने शेयर किया था। उन्होंने शेयर करते हुए लिखा कि कौन हैं ये? राष्ट्रगान का अपमान करने के आरोप में इन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए। @ajaychauhan41 यूजर ने लिखा कि ये बंगाली भाषी दोनों लड़कियां हमारे राष्ट्रगान को मजाक बनाते हुए तिरस्कारपूर्ण तरीके से गाने की कोशिश कर रही हैं और इस बीच सिगरेट भी पी रही हैं।

@SumitHa36348544 यूजर ने लिखा कि सभी राजनीति और हर पहलुओं से ऊपर देश सबसे पहले हैं और सबसे महत्वपूर्ण कि हम भारत के नागरिक हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस कृपया हमारे राष्ट्रगान पर इस तरह के असम्मानजनक व्यवहार पर कुछ आवश्यक कदम उठाएं। एक अन्य यूजर ने लिखा कि ये सब नार्मल नहीं है, कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। एक अन्य यूजर ने लिखा कि हम सब यह बर्दाश्त नहीं कर सकते।

जानकारी के अनुसार, लड़कियों पर राष्ट्रगान का अपमान करने पर पुलिस में शिकायत दर्ज हो चुकी है। पुलिस ने दोनों लड़कियों के बयान दर्ज किए हैं। लड़कियों ने यह वीडियो फेसबुक पर लाइव किया था, विवाद अधिक बढ़ता देख इस वीडियो को डिलीट कर दिया था लेकिन अन्य प्लेटफॉर्म पर यह वीडियो वायरल हो गया। अब पुलिस डेटा की मांग के लिए फेसबुक के संपर्क में है।