देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। पूरे देश में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। इसी बीच अयोध्या का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तिरंगा यात्रा के लिए झंडे को कूड़ा उठाने वाली नगर निगम की गाड़ी में लाया गया। इस वीडियो को शेयर कर पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सवाल उठाये हैं। 

अखिलेश यादव ने कसा तंज

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा, ‘महापौर की उपस्थिति में अयोध्या नगर निगम द्वारा कूड़ा उठाने वाली गाड़ी से राष्ट्रध्वज पहुंचाने से राष्ट्रध्वज का जो तिरस्कार हुआ है, वो अक्षम्य है। महोत्सव के नाम पर राष्ट्रध्वज का ऐसा अपमान निंदनीय है।’ इस पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

लोगों की प्रतिक्रियाएं

राम सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि अखिलेश यादव जी आप यूपी में मिली दोबारा हार बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं। तभी आप इस तरह की घटिया राजनीति कर रहे हैं। निगम की जिस गाड़ी से तिरंगा झंडा बांटा जा रहा है वो एक नई गाड़ी है, जिससे कूड़ा नहीं उठाया जाता है। इसलिए उसमे झंडा रखकर बांटे गए हैं। अजय नाम के यूजर ने लिखा, ‘कूड़ा रखा था क्या? गाड़ी कूड़ा उठाने के लिए खरीदी गई है पर है तो वाहन ही। और वो भी नया। इसमें क्या गलत है।’

जागृति गुप्ता नाम के यूजर ने लिखा कि आलोचना करने से पहले, उसके हर पहलू पर गौर कर लेना चाहिए। गाड़ी कूड़े के लिए बनी हो सकती है, पर इसको देख कर ही लग रहा कि ये अब तक कूड़ा उठाने के काम में नहीं आयी।’ नाज कुरैशी नाम के यूजर ने लिखा कि 5 किलो का अनाज वाला थैला मुफ्त बांटा गया, पर तिरंगा फ्री नहीं बांटा जा सकता?क्योंकि उसमें फोटो नहीं लग सकती। 

देखिए वीडियो

अलका जैकब नाम के यूजर ने लिखा,’किसी भी छोटे से छोटे देश में झंडे का ऐसा तिरस्कार सिर्फ प्रधानमंत्री को खुश करने कर कहीं नहीं और कभी नहीं हुआ होगा, जो हमारे देश में वो भी 75वीं सालगिरह पर हमारे देश में हमारे ही झंडे के साथ हो रहा है और जनता चुपचाप देख रही है। शर्म करो।’ मनीष पाण्डेय नाम के यूजर ने लिखा कि जगह जगह तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, हर्षोल्लास के साथ 75 वां अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है लेकिन तुम लगे रहो बुराई ढूंढने में!

वहीं एक भाजपा नेता द्वारा उलटा झंडा  पकड़ने का फोटो शेयर कर सपा ने ट्वीट किया कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार तिरंगे का अपमान किया जा रहा है, उसी क्रम में भाजपा के पूर्व सांसद ने भी उल्टा तिरंगा पकड़ कर अपनी नकली राष्ट्रभक्ति का प्रदर्शन किया। फोटो से देखा जा सकता है कि इन्हें तिरंगे से प्यार नहीं बल्कि अपने शीर्ष नेताओं की भांति सिर्फ फोटोबाजी का शौक है!