राजस्थान के फतेहपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स मोबाइल टावर के ऊपर चढ़कर हाथ में तिरंगा ले लिया और गले में फंदा डाल लिया। इसके बाद वह खुद के लिए इंसाफ मांगने लगा। कई घंटों तक शख्स मोबाइल टावर के ऊपर खड़ा रहा और नीचे खड़ी भीड़ उसे देखती रही।

टावर पर चढ़ इंसाफ मांगने लगा शख्स

बताया जा रहा है कि मामला चूरू रोड़ के वार्ड 52 के मक्का मस्जिद के पास का है, जहां स्वतंत्रता दिवस से पहले टावर पर चढ़ गया और वहां गले में फंदा डालकर कुछ लोगों को गालियां देने लगा। पता चला कि उसके ऊपर एक केस दर्ज है, जिससे वह परेशान हो गया था और खुद के लिए इंसाफ मांग रहा था। शख्स के टावर पर चढ़े होने की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड के साथ पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे।

पुलिस की कोशिशों के बाद भी नीचे नहीं उतरा

कई घटें तक उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे लेकिन वह नीचे नहीं आया बल्कि टावर पर ही घूमता रहा। एसडीएम कपिल उपाध्याय, डिप्टी रामप्रताप बिश्नोई, एसएचओं के के धनखड़ समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और टावर के नीचे गद्दे बिछाए गए। जाल लगवाए गये। हालांकि पुलिस की तमाम कोशिशों के बाद वह नीचे नहीं आया।

अंत में शख्स के दोस्तों को बुलवाया गया और जब उन्होंने शख्स को समझाया तो वह नीचे आया। इसके बाद पुलिस उसे लेकर अस्पताल पहुंची। जहां उसका मेडिकल करवाया गया और पूछताछ की गई। शख्स ने बताया कि उसके ऊपर नाबालिग लड़की को भगा कर ले जाने और छेड़खानी का आरोप दर्ज है। शख्स का कहना है कि उसने ये अपराध नहीं किया है।

बताया गया कि नंदलाल कुमावत उर्फ नंदू पर करीब एक साल पहले दोस्त पर नाबालिग लड़की को भगाने और छेड़छाड़ का मामला पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ। इसमें नंदलाल को भी आरोपी बनाया गया था। वह चार महीने जेल में रहा, हाईकोर्ट से जमानत मिली तो वह बाहर है। इसी मामले में वह इंसाफ की मांग कर रहा था।