मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर जमकर हमला बोला। उन्होंने एमपी सीएम के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। भोपाल में एक संबोधन के दौरान उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को लेकर कहा कि उन्हें मुंबई जाकर एक्टिंग करनी चाहिए, जिससे एमपी का नाम भी रोशन होगा।

एमपी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रधानमंत्री पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी कोविड के लिए 20 लाख करोड़ रुपये देने के अपने वादे पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने यह राशि दी होती तो इतनी मौतें नहीं होती। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान को मुंबई जाकर एक्टिंग करने की सलाह देते हुए कहा कि, ‘ मैं तो शिवराज सिंह चौहान को हमेशा कहता हूं कि शिवराज जी आप मध्य प्रदेश का नाम रोशन करिए मुंबई जाइए कलाकारी करिए, एक्टिंग करिए।

कमलनाथ ने किसान के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि इनकी सरकार में सबसे ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि मोदी जी किसानों के मुनाफे की बात करते थे, सबसे ज्यादा किसान आत्महत्या हमारे देश में कर रहे हैं.. जितनी आत्महत्या अफ्रीका के किसानों ने नहीं की उतनी तो हमारे देश में हो रही है। उन्होंने सीएम शिवराज पर तंज कसते हुए कहा कि कहते हैं मैं मामा हूं। सबसे ज्यादा महिलाओं अत्याचार मध्य प्रदेश में हो रहा है।

कमलनाथ के इस बयान पर तमाम लोगों ने कमेंट बॉक्स में अपनी बात भी रखी है। एक ट्विटर यूजर ने लिखा कि इसकी जिम्मेदारी तो सबसे पहले कांग्रेस को लेनी चाहिए जिसने संविधान में संशोधन करके किसानों के मूलभूत अधिकार छीन लिए। निकम्मी कांग्रेस ने कृषि प्रधान देश में कंपनी पूरक निर्माण नीति बनाई है और कांग्रेस की मेहरबानी से ही मोदी जी दो बार प्रधानमंत्री बने हैं।

शांतनु नाम के एक ट्विटर यूजर लिखते हैं कि राजस्थान छत्तीसगढ़ में भी किसान रहते हैं। उनकी शान को राहुल गांधी ने कुछ वादा किया था जो अभी तक पूरा नहीं हुआ, उल्टा राजस्थान के किसान के सर पर भार लाद दिया गया है। बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान को एक्टिंग करने की सलाह दी हो। करीब 1 साल पहले भी उन्होंने शिवराज पर तंज कसते हुए कहा था कि, ‘ सीएम शिवराज मंच पर लेट जाते हैं। अपनी एक्टिंग में इतने माहिर हैं कि, मुंबई जाकर शाहरुख और सलमान को भी अदाकारी में मात दे सकते हैं। अच्छा होगा कि, वो मुंबई जाकर एक्टिंग में मध्य प्रदेश का नाम रोशन करें।’