माता मसानी चौकी दरबार चलाने वाले विनोद कश्यप नाम के स्वयंभू बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विनोद कश्यप पर महिला के यौन उत्पीड़न का आरोप है। महिला का आरोप है कि समस्या में मदद के बहाने उसने बुलाया और फिर गुरु सेवा करने के बात कही। इसके बाद विनोद कश्यप ने महिला का यौन शोषण किया और किसी से ना बताने की बात कह धमकी भी दी। हालांकि अब विनोद कश्यप उर्फ़ स्वयंभू गिरफ्तार हो गया है और उसके वीडियो खूब वायरल हो रहे हैं।

विनोद कश्यप उर्फ स्वयंभू ककरोला क्षेत्र में माता मसानी चौकी दरबार नाम से आश्रम चला रहा था। बड़ी संख्या में उसके भक्त इस दरबार में पहुंचते थे। विनोद कश्यप का एक यूट्यूब चैनल भी है, जिस पर इस दरबार के कई वीडियो शेयर किए गये हैं। वीडियो में विनोद कश्यप डांस करते, दरबार लगाते, समस्या का हल बताते, हुक्का पीते और अपनी जीभ पर चाकू फेरते दिखाई दे रहा है।

विनोद कश्यप के कई वीडियो हो रहे वायरल

माता मसानी चौकी दरबार चलने वाले विनोद कश्यप के कई वीडियो खूब वायरल हैं। इसमें एक वीडियो है, जिसमें वह अपनी जीभ निकालकर उस पर चाकू फेर रहा है। एक अन्य वीडियो में वह एक शख्स की समस्या को सुनते और समाधान बताते हुए हुक्का पी रहा है। एक अन्य वीडियो में विनोद कश्यप दरबार में महिलाओं के साथ नृत्य कर रहा है।

सोशल मीडिया पर लोग विनोद कश्यप के वीडियो को शेयर कर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं। एक ने लिखा, ‘पहले अंधविश्वास के नाम पर लोगों के मन में डर बैठाया जाता है और ये बाबा लोग उसी डर का फायदा उठा कर महिलाओं को इलाज के नाम पर शिकार बनाते हैं। समाज से धर्म के नाम पर फैलाए जाने वाले अंधविश्वास को ख़त्म करना होगा।’ अजय कुमार ने लिखा, ‘आज कल के लोगों को हो क्या गया है? आखिर क्या कारण है कि इतने सारे बाबाओं के पर्दाफाश होने के बाद भी महिलाएं और लड़कियां इन पाखंडियों के पास जाने से नहीं चूकती हैं?’

विनोद कश्यप के यूट्यूब चैनल पर 900 से अधिक वीडियो हैं और 34.5K सब्सक्राइबर हैं। ज्यादातर वीडियो में, कश्यप दरबार लगाते, परेशानियों का समाधान बताते और विभिन्न कार्यक्रमों में भजन गाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 और 506 के तहत 2 मामले दर्ज किए और विनोद को गिरफ्तार कर लिया है।