बिहार में सत्ता बदलने के बाद से ही बीजेपी नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव पर जमकर हमला कर रही है। तेजस्वी यादव के उप मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी गई है। जिसको लेकर बीजेपी नेता व बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कटाक्ष किया है। उनके बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स कई तरह के कमेंट कर रहे हैं।
सुशील मोदी का बयान
तेजस्वी यादव का निशाना साधते हुए सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में मैं 12 साल तक उपमुख्यमंत्री रहा, लेकिन सरकार को ना मुझे बुलेट प्रूफ गाड़ी देने की जरूरत महसूस हुई और ना ही जेड प्लस सुरक्षा की। इसके साथ उन्होंने कहा कि मामूली सुरक्षा के बीच मैंने पोलो रोड के सरकारी आवास से लंबे समय तक जनता की सेवा की। तेजस्वी पर तंज कसते हुए सुशील मोदी ने कहा, ‘ जिनका राजपाट आते ही जनता सहम जाती है, उनको किस से इतना खतरा है कि सुरक्षा बढ़ाई जा रही है?’
सुशील मोदी ने कहा – सत्ता का सुख भोगने आए हैं
सुशील मोदी ने कहा कि तेजस्वी यादव को डिप्टी सीएम बनते ही बुलेट प्रूफ और जेड प्लस सिक्योरिटी मिल गई, ये राजभोग में आए हैं, सेवा करने नहीं। तेजस्वी और नीतीश के साथ सुशील मोदी ने तेज प्रताप यादव पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के 02 में बड़े राजकुमार को छोटी कुर्सी मिलेगी लेकिन उन्हें उनकी पसंद का स्वास्थ्य विभाग ही दिया जाएगा। इलाज बेहतर हो या ना हो, कम से कम जनता का मनोरंजन होते रहना चाहिए।
लोगों के रिएक्शन
सुनील यादव नाम के एक ट्विटर यूजर कमेंट करते हैं कि ये वही सुशील मोदी हैं, जो बिहार में भयंकर बाढ़ आने पर बिहार छोड़कर भाग गए थे। वीरेंद्र राय नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, ‘ अंकल, दुखी मत हो। खाइए पीजिए और मस्त रहिए। बड़का मोदी जी आपके लिए भी कुछ करेंगे।’ संतोष कुमार नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि आपके लूटने से कुछ बचा होगा तब तो कोई और राज भोगगा।
मेराज हुसैन नाम के एक ट्विटर यूजर ने सवाल किया कि जब आप डिप्टी सीएम थे तो साइकिल से चलते थे क्या? भाजपा के नेता सत्ता जाने के बाद अपना संतुलन खो देते हैं। राजेश नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘सुशील मोदी जी बिल्कुल सत्य बोलते हैं, सत्य बोलने के लिए मशहूर हैं। बहुत अच्छा होगा कि आप अपनी पार्टी के बड़े राजनेताओं की सिक्योरिटी हटा दीजिए। हम भारत के लोग अत्यंत आभारी होंगे।’