Sushant Singh Rajput Case: सुशांत सिंह राजपूत के निधन को करीब ढाई महीने का समय का बीत गया है। 14 जून को जब एक्टर की मौत की खबर मीडिया में आई तो लोगों को यकीन ही नहीं हुआ। मुंबई पुलिस ने सुशांत की मौत को आत्महत्या बताया तो एक्टर के फैंस ने इसे हत्या करार दिया। धीरे-धीरे ये एक मुहिम शुरू हो गई कि सुशांत सिंह राजपूत को न्याय मिलना चाहिए। बात यहां तक पहुंची कि केंद्र सरकार ने इस मामले के लिए सीबीआई जांच के आदेश दे दिये।

सीबीआई सुशांत सिंह राजपूत के निधन मामले की जांच में जुटी हुई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आईपी सिंह के नाम से एक ट्वीट का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ। इस स्क्रीनशॉट में सुशांत सिंह राजपूत के बारे में बेहद आपत्तिजनक बातें लिखी हैं। ट्वीट में लिखा गया है कि नपुंसक था सुशांत सिंह राजपूत कि उसने आत्महत्या की, कायरों को समाज कभी माफ नहीं करता है। वायरल हो रहे स्क्रीनशॉट के मुताबिक ये ट्वीट 27 अगस्त की रात 9 बजकर 57 मिनट का है।

इस विवादित ट्वीट के स्क्रीनशॉट के वायरल होने के बाद से ही आईपी सिंह को बुरी तरह से ट्रोल किया जा रहा है। उन्हें इतना ट्रोल किया गया कि ट्विटर पर #आईपी_सिंह_नपुंसक_है ट्रेंड करने लगा। लोगों ने आईपी सिंह को ट्रोल करते हुए लिखा कि इसकी इतनी हिम्मत कैसे हुई कि किसी मरे हुए इंसान के लिए ये इतनी घटिया बातें बोल रहा है।

सपा प्रवक्ता आईपी सिंह के ट्विंटर हैंडल पर ये ट्वीट दिख नहीं रहा। इसपर लोग लिख रहे हैं कि अपनी इतनी बुरी तरह से ट्रोलिंग होते देख आईपी सिंह ने ट्वीट डिलीट कर लिया है। वहीं सपा समर्थित कुछ ट्विटर यूजर्स का कहना है कि आईपी सिंह ने कोई ऐसा ट्वीट नहीं किया है। इन लोगों का कहना है कि उनके नाम पर फर्जी स्क्रीनशॉट वायरल किया जा रहा है।

 

हालांकि खबर लिखे जाने तक आईपी सिंह ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। बता दें कि आईपी सिंह पहले भारतीय जनता पार्टी में थे। 2019 लोकसभा चुनावों के दौरान उन्होंने सपा का दामन थाम लिया था। सपा ने उन्हें अपना राष्ट्रीय प्रवक्ता बनाया है। आईपी सिंह सोशल मीडिया में भी काफी एक्टिव रहते हैं।