उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) में खूब राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। बीजेपी (BJP) को सत्ता बचाने के लिए पूरी ताकत झोंकनी पड़ रही है तो वहीं विरोधी सत्ता पाने के लिए वोटरों को लुभाने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। कहीं प्रत्याशियों का विरोध हो रहा है तो कहीं कार्यकर्ता आपस में भिड़ रहे हैं। इसी बीच कासगंज में एक टीवी शो के दौरान सपा और बीजेपी के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए।

उत्तर प्रदेश के कासगंज (Kasganj) में न्यूज 18 इंडिया के एक शो में चर्चा के लिए सपा, बसपा, कांग्रेस और बीजेपी के नेता पहुंचे थे। चूंकि इस शो में नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी शामिल हुए थे तो भीड़ अधिक थी। नारेबाजी, हूटिंग के साथ ही शो के दौरान खूब हंगामा हो रहा था। सपा कार्यकर्ताओं का हंगामा अधिक बढ़ता देख, शो की एंकर ने पुलिस से सपा कार्यकताओं को हटाने के लिए कहा। इसके बाद बवाल मच गया।

बताया जा रहा है कि शो के दौरान एंकर आरएलडी के नेता से बात कर रही थी तभी कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद एंकर ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता हंगामा कर रहे हैं और सपा के कार्यकर्ता बेकाबू हो रहे हैं। इसके बाद बीजेपी कार्यकर्ता भी हंगामा करने लगे।

शो की एंकर ने कार्यकर्ताओं को पीछे हटने के लिए कहा। पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को पीछे हटाने की कोशिश की तो सपा के कार्यकर्ता भड़क गए और शो को रोकना पड़ गया। इसके आगे का वीडियो शेयर करते हुए अनुराग ठाकुर ने सपा पर तंज कसा है।

बीजेपी के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने वीडियो शेयर करते हुए ट्विटर पर लिखा कि पुलिस को मारेंगे, पत्रकारों को मारेंगे, बेटियों को मारेंगे,  उन्हें दुत्कारेंगे, ये सपाई हैं साहब,  इन्हें तो मौक़ा चाहिए बस ये यूपी भी बेच डालेंगे। वीडियो देखिए…आज कासगंज में लालटोपी कैसे लोकतंत्र पर कहर बनकर टूटी।

इस वीडियो पर लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया भी दी हैं। विवेक भारद्वाज नाम के यूजर ने लिखा कि ये अपनी पार्टी का प्रचार कर रहे हैं, जैसा इनके बारे में बताया जा रहा है। ये वही डेमो दिखा रहे हैं हर शहर में। पता नहीं ये पार्टी किसके दिशा निर्देशों पर चल रही है। अगर ये ही हरकतें रहीं तो पार्टी मुख्यालय में चंद सालों में ताले लगेंगे और प्रदेश में शांति स्थापित होगी।

विकासराज गुप्ता नाम के यूजर ने लिखा कि ये मेरे शहर कासगंज की घटना हैं। अचानक सपा के गुंडो ने न्यूज 18 इंडिया की डिबेट में हमला कर दिया। जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं को गहरी चोट लगी हैं। हम मांग करते हैं कि उत्तर प्रदेश पुलिस इस पर कठोर से कठोर कार्यवाही करें

पुलिस ने लाइव टीवी कार्यक्रम में हुए इस हंगामें पर कार्रवाई करने की बात कही है। कासगंज पुलिस ने ट्विटर पर बताया कि प्रकरण में कोतवाली कासगंज पर अभियोग पंजीकृत है। अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।