पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। लोग अपने घर पर तिरंगा लगा रहे हैं। वहीं पाकिस्तान से भारत आईं सीमा हैदर ने भी सचिन के साथ तिरंगा फहराया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सीमा ने ना सिर्फ तिरंगा फहराया बल्कि हिन्दुस्तान जिंदाबाद और पाकिस्तान मुर्दाबाद के भी नारे लगाये हैं।

सीमा हैदर ने फहराया तिरंगा

हर घर तिरंगा अभियान के तहत सीमा हैदर और सचिन ने रबुपुरा स्थित अपने घर पर तिरंगा फहराया और इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। पाकिस्तान मुर्दाबाद और हिन्दुस्तान जिंदाबाद के नारे लगाये गए। खुद सीमा हैदर भी बच्चों के साथ नारे लगाते दिखाई दीं। इतना ही नहीं, सीमा अपने माथे पर चुनरी भी बांधे हुई थीं, बच्चे भी ‘जय माता दी’ की चुनरी गले में लगाये हुए थे।

नारेबाजी के बाद गाया गया राष्ट्रगान

अपने वकील एपी सिंह की मौजूदगी में सीमा हैदर और सचिन मीणा ने परिवारवालों के साथ अपने घर पर तिरंगा फहराया, राष्ट्रगान गाया और नारेबाजी की। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो वायरल हो रहा है और लोग इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

राशिद ने लिखा, ‘अगर कल को इसे वापस भेज दिया गया तो इसका क्या होगा?’ @just_journal_ ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘ये जहां पैदा हुई, मां पापा ने पाला होगा मेहनत से, 4 बच्चे वहां पैदा हुए, अब अगर वहीं को गाली दे रही है तो मैं कैसे मान लूं कि ये मेरे भारत से प्यार करेगी?’ एक अन्य ने लिखा, ‘परिस्थिति चाहे कैसी भी हो कभी भी अपने देश, अपनी मिट्टी को बुरा नहीं कहना चाहिए। जो अपने देश पाकिस्तान की नहीं हुई वह हमारे देश हिंदुस्तान की कैसे होगी?’

रिजवान अहमद ने लिखा, ‘सीमा हैदर को इंडिया में रहने के लिए क्या-क्या नहीं करना पड़ रहा है, अपने ही देश को आज मुर्दाबाद कह रही है कैसे भरोसा कर सकते हो इसपर?’ एक अन्य ने लिखा, ‘हम सुरक्षा चूक का जश्न कैसे मना सकते हैं? यह समझ से परे है कि इतनी गंभीर चूक को बढ़ावा दिया जा रहा है।’ राजेश मंगल नाम के यूजर ने लिखा, ‘झण्डा फहराते हुए बीजेपी महिला सांसदों से ज्यादा तस्वीर तो सीमा हैदर की वायरल हो रही है।’

वहीं भारत से पाकिस्तान गई अंजू की भी तस्वीर सामने आई है जिसमें वह पाकिस्तान में 14 अगस्त का जश्न मनाते दिखाई दे रही हैं। पाकिस्तान में स्वतंत्रता दिवस 14 अगस्त को मनाया जाता है।