धरती पुत्र कहे जाने वाले मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया है। मुलायम सिंह यादव के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, तमाम राज्यों के मुख्यमंत्री समेत कई बड़े नेताओं ने उन्हें नमन किया है। हालांकि VHP नेता साध्वी प्राची ने फेसबुक पर एक पोस्ट शेयर किया है जिसमें उन्होंने कल्याण सिंह का जिक्र किया है। हालांकि लोग इसे मुलायम सिंह यादव से जोड़कर देख रहे हैं।
साध्वी प्राची ने किया पोस्ट
साध्वी प्राची ने लिखा कि एक कल्याण सिंह जी थे जो हर सनातनी के दिल मे रहेंगे। साध्वी प्राची का यह पोस्ट, मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद आया है, लिहाजा लोग इसे तंज के तौर पर देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग साध्वी प्राची के पोस्ट पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
शिवानंद शर्मा नाम के यूजर ने लिखा कि सब अपनी-अपनी वोट बैंक की राजनीति चमकाते हैं। प्रशांत यादव नाम के यूजर ने लिखा मौत सबकी निश्चित है, किसी की आज तो किसी की कल, अगर इस पर अशोभनीय टिप्पणी कोई करता है तो उससे तुक्ष प्राणी कोई नहीं। प्रवीण नाम के यूजर ने लिखा कि वास्तविकता और मानवता को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए, मेरे हिसाब से मतभेद का मतलब ईर्ष्या नहीं होनी चाहिए। विनोद त्रिपाठी नाम के यूजर ने लिखा कि भाजपा वाले दिवंगत को जिस तरह से महान बता रहे हैं, देखकर लगता है कि यूपी विधान सभा चुनाव में भाजपा के बजाय सपा को वोट देना चाहिए था।
राहुल तिवारी नाम के यूजर ने लिखा कि मोदी जी तक आ रहे हैं अंतिम संस्कार में, अब आप उनसे बड़ी हो तो कोई बात नहीं, पढ़े लिखे लोग इस तरह की बात नहीं करते। विवेक पाण्डेय नाम के यूजर ने लिखा कि यह ठीक मानसिकता नहीं है, इंसान के मरने के बाद उसकी इज्जत जरूर करनी चाहिए। एक यूजर ने लिखा कि तो इस हिसाब से फिर योगी जी हिंदू विरोधी हैं, यूपी में 3 दिन के शोक की घोषणा कर दी है।
बता दें कि सपा के संरक्षक और तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके मुलायम सिंह यादव ने लंबी बीमारी के बाद 10 अक्टूबर को आखिरी सांस ली। वह दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में दो अक्टूबर से ही आईसीयू में थे। कुछ दिनों से उनकी सेहत बेहद खराब थी और सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा था। 11 अक्टूबर को पैतृक गांव सैफई में नेता जी का अंतिम संस्कार किया जाएगा।