भगवान श्रीकृष्ण के भक्त पूरी दुनिया से वृंदावन पहुंचते हैं। यहां का माहौल और भक्ति की भावना से विदेशी लोग खूब आकर्षित होते हैं। कई विदेशी तो मथुरा और वृंदावन में ही रुक गये हैं और सब कुछ छोड़कर भगवान कृष्ण की भक्ति में लीन हो गये हैं। ऐसी ही एक रूस की महिला जब वृंदावन घूमने पहुंची तो उसकी मुलाकात एक गौसेवक से हुई, जिसे वह अपना दिल दे बैठी।

भारत घूमने आई थी युना, राजकरण से हो गया प्यार

36 वर्षीय रूसी महिला युना भारत घूमने के लिए आई थी। इस दौरान वह वृंदावन भी पहुंची, जहां उसकी मुलाकात गौसेवा करने वाले राजकरण से हुई। दोनों मिलकर गायों की सेवा में लग गये। धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया और युना ने रूस वापस जाने का फैसला त्याग कर वह वृंदावन में ही जीवनयापन करने का फैसला कर लिया।

दोनों ने कर ली शादी, अब करते हैं गौसेवा

युना और राजकरण ने दिल्ली में शादी कर ली, दोनों ने मार्च 2023 में शादी की। अब दोनों मिलकर गौसेवा करते हैं। जानकारी के अनुसार, युना अब भारतीय परिधान पहनती है और मंगलसूत्र और सिंदूर भी लगाती हैं। अपनी जिंदगी जीने के लिए दोनों एक मंदिर के बाहर धार्मिक पुस्तकें बेचते और बांटते हैं। दोनों की लव स्टोरी सुनकर हर कोई हैरान रह जाता है।

इस प्रेमी जोड़े की सबसे हैरानी वाली बात ये है कि एक तरफ जहां राजकरण अनपढ़ हैं तो वहीं युना को हिंदी नहीं आती, फिर भी दोनों एक दूसरे की बातों को समझते हैं और साथ में खुशी-खुशी जिंदगी बिता रहे हैं। राजकरण की उम्र जहां 35 साल है तो युना की उम्र 36 साल है। दोनों के उम्र के बीच बस एक साल का अंतर है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 20 साल से राजकरण वृंदावन में रह रहे हैं और गायों की सेवा कर रहे हैं। वृंदावन घूमने आई युना ने राजकरण के साथ गायों की सेवा करने की इच्छा जताई थी। उसके बाद ही दोनों को एक-दूसरे से प्यार हो गया और अब दोनों की शादी भी हो चुकी है। दोनों को देखकर स्थानीय और पर्यटक हैरानी जताते हैं।