हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक गतिविधयां तेज हो गई हैं। कांग्रेस की तरफ से रोजगार संघर्ष यात्रा निकाली गई, इस यात्रा के दौरान प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के ही कार्यकर्ता आपस में भिड़ गये और दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई। सोशल मीडिया पर इस मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। 

आपस में ही भिड़ गए कांग्रेस के कार्यकर्ता

दरअसल हिमाचल प्रदेश के नाहन में प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दो गुटों में झड़प हुई। विवाद इतना बढ़ गया की हाथापाई शुरू हो गई। इस दौरान कई लोग बीच बचाव करते नजर आए। बताया जा रहा है कि यह मारपीट कांग्रेस में हुई गुटबाजी का नतीजा है। इस मारपीट के बाद प्रदर्शन में अफरा-तफरी का माहौल नजर आया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर लोग कांग्रेस पर तंज कस रहे हैं।

वायरल वीडियो पर लोग ऐसे कर रहे हैं खिंचाई

निमो यादव नाम के यूजर ने लिखा कि ‘वे लड़ नहीं रहे हैं, असल में एक रिक्रूटर वहां आया और कहा, “क्या यहां कोई इंजीनियर है, क्योंकि मेरे पास एक व्यक्ति के लिए नौकरी है” फिर उसके बाद सभी इंजीनियर कहने लगे- मुझे भर्ती करो। ये है मोदी के भारत में बेरोजगारी का हाल।’ गौतम अग्रवाल ने लिखा कि ‘ये कांग्रेस के लोग आपस में ही लड़ रहे हैं, ये देशसेवा क्या करेंगे?’

सौम्यजीत नाम के यूजर ने लिखा कि ‘खुद के रोजगार के लिए संघर्ष करते कांग्रेस के कार्यकर्ता!’ अर्पित राणा नाम के यूजर ने लिखा कि ‘हिमाचल कांग्रेस दिशाविहीन है, वो राजा जी ही थे जो सबको एक सूत्र में पिरो कर रखते थे।’ रंजन कुमार झा नाम के यूजर ने लिखा कि ‘इसके लिए मोदी सरकार जिम्मेदार है।’

एक यूजर ने लिखा कि ‘आपस में लड़ो और लड़-लड़कर खुद को ही खत्म कर दो।’ अतिसय जैन नाम के यूजर ने लिखा कि ‘यह विशुद्ध रूप से इसलिए हो रहा है क्योंकि श्री मोदी ने हमारे सभी संस्थानों का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है। कृपया हमारे सर्वोच्च नेता राहुल गांधी को कुछ संस्थागत शक्ति दें, फिर वह आपको सभी भ्रष्ट मीडिया घरानों को दिखाएंगे कि इस अंदरूनी कलह को कैसे रोका जाए।’

बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला में अंदरूनी कलह है। नाहन कांग्रेस के कार्यकर्ता दो गुट में बंट गये हैं। जैसे ही कार्यकर्ता यात्रा स्थल में पहुंचे, दोनों गुट के कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी है और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया। विधायक और यात्रा के संयोजक विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा इस मामले में संज्ञान लिया जाएगा। यहां आपस में कुछ कार्यकर्ता उलझे हैं, क्योंकि कार्यकर्ताओं में काफी जोश है।