उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां बढ़ गई हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए समाजवादी पार्टी किसान नौजवान यात्रा निकाल रही है। इस यात्रा में शामिल पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम की उस समय जुबान फिसल गई जब वो किसानों पर पूछे गए एक सवाल का उत्तर दे रहे थे। उन्होंने कहा कि यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किसानों को तबाह कर दिया है।

एक जनसभा को संबोधित करने के बाद सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बीजेपी और कांग्रेस ने किसानों को तबाह कर दिया है। इसी दौरान वह अनजाने में अखिलेश यादव को किसानों के खिलाफ बताते हुए कहने लगे कि हमारे नेता ने किसानों को बरबाद कर दिया है।

उन्होंने कहा कि किसान नौजवान यात्रा का उद्देश है किसानों को उनका हक दिलाना और नौजवानों को रोजगार दिलवाना है। उन्होंने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार में खेती करना अब घाटे का सौदा हो गया है।

सपा नेता ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है लेकिन सरकार की गलत नीतियों के चलते देश के किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। यूपी में होने वाली हर घटना को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव बीजेपी पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। हाल में ही लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला था।

गौरतलब है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘समाजवादी विजय यात्रा’ की शुरुआत की है। इस यात्रा की शुरुआत से पहले उन्होंने सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आशीर्वाद भी लिया। समाजवादी पार्टी की इस यात्रा पर बीजेपी नेता सिद्धार्थ नाथ सिंह ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोरोना के समय में परेशान लोगों की अनदेखी करने वाले अपने फाइव स्टार रथ से जनता के बीच जा रहे हैं। यह राज्य के लोगों का एक और अपमान होगा।