टाटा ग्रुप के चेयरमैन रतन टाटा दुनियाभर में अपने जनहितैषी कार्यों के लिए पहचाने जाते हैं। फिर चाहे किसी वर्ग को फायदा पहुंचाने की बात हो या किसी संस्था को दान देने की, रतन टाटा इन सभी में सबसे आगे रहते हैं। हालांकि, देश के सबसे अमीर व्यक्तियों में शुमार रतन टाटा सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि अपने पालतू जानवरों से भी प्यार के लिए जाने जाते हैं। खासकर कुत्तों से। आलम यह है कि अपने कुत्तों के लिए रतन ने टाटा ग्रुप के बॉम्बे स्थित ग्लोबल हेडक्वार्टर में लग्जरी सुविधाओं वाला घर तक बनवा रखा है।
बता दें कि टाटा हेडक्वार्टर में दो साल पहले रेनोवेशन के बाद कुत्तों के लिए भी घर तैयार किया गया। बता दें कि बॉम्बे हाउस के नीचे ही लंबे समय से आवारा कुत्ते रह रहे थे। यह कुत्ते अकसर रिसेप्शन में दिखाई देते जाते थे। बिल्डिंग के सिक्योरिटी गार्ड्स इन्हें अपने कमरे में सोने देते थे। लेकिन रतन टाटा ने इस परेशानी को देखते हुए कुत्तों के लिए बिल्डिंग में अलग कमरा ही बनवा दिया।
खास कुत्तों के लिए डिजाइन कराया था कैनेल: बॉम्बे हाउस में जो कैनेल यानी कुत्तों के रहने का घर तैयार किया गया था, उसे खासतौर पर डिजाइन किया गया है। इसमें कुत्ते अपनी मर्जी से आ-जा सकते हैं। साथ ही उनके लिए खिलौने, खाने के लिए डॉग बिस्किट और ताज होटल के किचन से आने वाले मीट की व्यवस्था भी की जाती है।
रतन टाटा के कुत्तों से प्रेम का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ समय पहले उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक फोटो पोस्ट की थी। इसमें उन्होंने लिखा था कि ऑफिस जाने पर हर दिन किसका इंतजार रहता है, अपने फ्रेंड गोवा का। साथ ही उन्होंने एक तस्वीर भी पोस्ट की थी, जिसमें एक कुत्ता उनके साथ खेलता नजर आ रहा था। बताया जाता है कि गोवा बॉम्बे हाउस का लीडर है। इस कुत्ते को गोवा से ही मुंबई लाया गया था। यह रतन टाटा का फेवरेट कुत्ता माना जाता है।