डेरा सच्चा सौदा के मुखिया गुरमीत राम रहीम सिंह फरलो पर जेल से बाहर आ गये हैं। उन्हें अब Z प्लस सुरक्षा दे दी गई है। ADG CID की तरफ से रोहतक रेंज कमिश्नर को पत्र लिखकर बताया गया कि उनको गृह मंत्रालय से मिले इनपुट के मुताबिक़, राम रहीम को खालिस्तान समर्थित आतंकवादियों से खतरा है और सजा से पहले भी उसको धमकियां मिलती रही हैं।
परिवार से मिलने के लिए मांगी थी फरलो: राम रहीम ने रोहतक की सुनारिया जेल के सुप्रिटेंडेंट को 31 जनवरी को पत्र लिखकर तीन सप्ताह की फरलो दिए जाने की मांग की थी। इसमें राम रहीम ने अपने परिवार के साथ गुरुग्राम में रहने की इच्छा जताई थी। एक दिन में ही राम रहीम की मांग को भी स्वीकार कर लिया गया। बताया गया कि राम रहीम ने जेल में रहने के दौरान कोई अपराध नहीं किया है और हार्डकोर अपराधी की श्रेणी में भी नहीं आता है, जिसके कारण उसकी फरलो पर रिहाई की सिफारिश की जाती है।
लोगों की प्रतिक्रियाएं: अब राम रहीम को जेल से बाहर आने और सुरक्षा प्रदान किए जाने पर सोशल मीडिया पर लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। द नमोज नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया कि मोदीजी के गुरु के लिए इतना तो बनता है। मोहन भागवत, फिर कंगना, कुमार विश्वास फिर ओवैसी और अब बलात्कारी राम रहीम… वाह क्या चहेते हैं मोदीजी के। दीपक पसरीचा नाम के यूजर ने लिखा कि कानून है हमारे देश में? इसका पता 10 मार्च के बाद चलेगा कि कानून क्या होता है ये पंजाब सिखाएगा।
मोहम्मद शम्स नाम के यूजर ने लिखा कि मोदी जी की नीति कितनी अच्छी है, महिलाओं को सुरक्षा देने से अच्छा है बलात्कारियों को सुरक्षा दे दो। आरके रानी नाम के यूजर ने लिखा कि उस देश को विश्वगुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता, जिसकी जेलों में संत महात्मा रहते हों और साथ ही z+ सिक्योरिटी मिली हो। भारत विश्वगुरु बनने वाला है बस आउटर पर खड़ा है।
कुमार संजय नाम के यूजर ने लिखा कि इतना ही जान का डर है तो जेल के अंदर ही रहना चाहिए था न, बेचारे को बीजेपी ने “धोबी का …न घर का न घाट का” बना दिया है। चुनावी फायदे के लिए फरलो पर बाहर किया है। हेमंत शाहनी नाम के यूजर ने लिखा कि सब चोरों, कातिलों, बलात्कारियों और भ्रष्ट लोगों को मोदी जी ने संरक्षित करने का ठेका लिया हुआ है और जनता को पाठ पढ़ा रहे हैं कि गुंडे माफिया की कोई जगह नहीं है और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सब जुमला है।