देशभर में आज राखी का त्योहार रक्षाबंधन प्रेम सद्भाव के साथ मनाया जा रहा है। हर जगह बहन अपने भाई के हाथों पर राखी बांधकर इस पर्व को सेलिब्रेट कर रही है। सौहार्द के प्रतीक इस त्योहार को जम्मू-कश्मीर में LOC पर भी मनाया गया है। दरअसल, उरी सेक्टर के सोनी गांव में कश्मीरी लड़कियों और महिलाओं ने भारतीय सेना के जवानों को राखी बांधी है। इसका वीडियो ANI ने जारी किया है। वीडियो में कश्मीरी लड़कियां जवानों के हाथ पर रक्षा सूत्र बांध मिठाई खिलाती नजर आ रही हैं।

2 दिन में कश्मीरी महिलाओं ने बनाई 200 राखियां

वीडियो में देख सकते हैं कि सेना के जवान लाइन लगाकर राखी बंधवा रहे हैं। जवानों को राखी बांधने वाली महिलाओं ने खुद ही घरों में इन राखियों को तैयार किया है। पिछले 2 दिन से यह महिलाएं 200 से अधिक राखी बना चुकी थीं और सोमवार को उन्होंने आर्मी के जवानों को रक्षा सूत्रा बांधना शुरू कर दिया। जवानों को राखी बांधने वाली महिलाओं का कहना है कि यह जवान अपने घर परिवार से दूर यहां हमारी सुरक्षा में तैनात हैं इसलिए हम उन्हें इस त्योहार पर अपनी बहन से दूर होने का एहसास नहीं होने देना चाहते।

‘हम भारतीय सेना के साथ खड़े हैं’

सीमा पर जवानों को राखी बांधने वाली एक कश्मीरी महिला सीरत ने कहा है कि हम सभी बहनों ने सीमा पार से हमारी रक्षा करने के लिए इन जवान भाईयों को राखी बांधी है। हम अपनी भारतीय सेना के साथ खड़े हैं जो हमारी रक्षा करती है। 

सैनिकों के प्रति सम्मान दिखाता है यह त्योहार

बता दें कि रक्षा बंधन का पर्व केवल एक पारंपरिक अवसर नहीं है, बल्कि यह हमारे सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक भी है। सीमा पर तैनात जवान न केवल देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं बल्कि व हर त्योहार पर घर परिवार से दूर कश्मीरियों की सुरक्षा के लिए भी तैनात रहते हैं और ऐसे में समय-समय पर स्थानीय लोग जवानों के प्रति सम्मान और प्रेम की ऐसी मिसाल पेश करते रहते हैं।