मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज (10 फरवरी, 2023) विधानसभा में राजस्थान सरकार का बजट पेश करने पहुंचे थे। बजट की शुरुआत करते ही उन्होंने गलती कर दी, जिस पर विधानसभा में हंगामा शुरू हो गया। दरअसल, सीएम गहलोत पिछले साल का बजट पढ़ने लगे थे। इसको लेकर अब बीजेपी अशोक गहलोत पर निशाना साधा रही है वहीं आम सोशल मीडिया यूज़र्स चुटकी लेते कई तरह के कमेंट करने लगे।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पढ़ने लगे पुराना बजट

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने विधानसभा में बजट भाषण पढ़ रहे थे। करीब 6 मिनट तक वे पुराना बजट बताते रहे, इस बीच मंत्री महेश जोशी ने उन्हें जानकरि दी कि वह पुराना बजट पढ़ रहे हैं। महेश जोशी की बात सुनते ही गहलोत पहले तो हंसे लेकिन कुछ देर में ही वह थोड़ा परेशान दिखाई देने लगे। ऐसे में विपक्षी विधायकों ने विधानसभा में हंगामा शुरू कर दिया।

वसुंधरा राजे ने सीएम गहलोत पर किया कटाक्ष

राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सीएम गहलोत पर कटाक्ष करते हुए कहा ,”8 मिनट सीएम साहब पूराना बजट पढ़ते रहे. इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, मैं भी मुख्यमंत्री रह चुकी हूं। अपने मुख्यमंत्री रहने के दौरान बजट को 2-3 बार पढ़कर अपने हाथ में लेती थी। अब जो मुख्यमंत्री प्रदेश के इतने बड़े डॉक्यूमेंट को बिना चेक किए विधानसभा में आकर पुराने बजट को पढ़ सकता है, आप समझ सकते हैं?”

बीजेपी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से गहलोत का वीडियो कर कमेंट किया,”कांग्रेस सरकार की एक और ‘ऐतिहासिक गलती’! जब ‘सरकार’ जनता-जनार्दन को दरकिनार कर सिर्फ एक परिवार की ‘सेवा’ में समर्पित हो जाएं तो ऐसा ही होता है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पिछले साल का बजट पढ़ते रहे…उन्हें टोका गया तो हंसने लगे।”

सोशल मीडिया यूज़र्स ने यूं लिए मजे

@ShobhnaYadava नाम के एक यूजर ने लिखा,”राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जी ने पढ़ा पिछले साल का बजट.. पता लगने पर ख़ुद को रोका, विपक्ष ने किया हंगामा। मुख्यमंत्री जी को लूप में लेकर बजट नहीं बना था क्या?” @brajeshabpnews नाम के एक यूजर ने लिखा- ये तो गायब हो गया? @scribe_prashant नाम के एक यूजर ने कमेंट किया- राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पिछले साल का ही बजट पढ़ने लगे… जादू ही जादू भैया।

@DrArchnaThakur1 नाम के एक यूजर ने मजे लेते हुए लिखा कि भारत जोड़ो यात्रा के परिणाम लगे सामने आने लगे। @gyanendrat1 नाम के एक ट्विटर यूजर ने लिखा- मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की देशभर में बदनामी करवाने वाले अधिकारी के नाम का पता लगाया जाना चाहिये। बताइये भला, पिछले साल का बजट पढ़वा दिया, इस साल। हद है। @nitendrasharma2 नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया- गहलोत साहब पुराना बजट पढ़ दिये लेकिन पायलट को प्लेन नहीं उड़ाने दे रहे।