राहुल गांधी ने शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष पद की आधिकारिक तौर पर कमान संभाल ली है। इससे पहले वे पार्टी के उपाध्यक्ष के तौर पर कार्यभार संभाल रहे थे जबकि उनकी मां सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष थी। राहुल गांधी के कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर उनकी पार्टी के नेताओं और अन्य राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे लोगों के कल्याण के लिए काम करेंगे। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी राहुल गांधी को शुभकामनाएं दी। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, “राहुल जी को बड़ी जिम्‍मेदारी मिलने पर बधाई, भविष्‍य के लिए हमारी शुभकामनाएं उनके साथ हैं।”

केजरीवाल के इस ट्वीट क राहुल ने जवाब दिया है। उन्होंने बधाई देने के लिए केजरीवाल को धन्यवाद कहा। केजरीवाल के अलावा बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि समूचा देश उन्हें (राहुल गांधी को) ‘‘अगले प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहता है।” उन्होंने राहुल की यह कहकर तारीफ की कि राहुल ने भारतीय राजनीति को ‘‘पुन: परिभाषित किया है।’’ वहीं, माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने कहा, ‘‘भारतीय राजनीति में हम उन सबके लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हैं जिन्होंने नयी जिम्मेदारी संभाली है। इन जिम्मेदारियों को निभाने में केवल इस उम्मीद के साथ हमारी उन्हें (राहुल को) शुभकामनाएं कि यह देश के हित में होगा।’’ राहुल ने इन सभी लोगों को भी शुभकामनाएं देने के लिए कहा है।

आपको बता दें कि नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक समारोह में राहुल को पार्टी का नया अध्यक्ष बनाया गया। इस मौके पर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष और उनकी मां सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, बहन प्रियंका गांधी और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा समेत कांग्रेस के सभी दिग्गज नेता मौजूद थे। राहुल गांधी को सर्टिफिकेट देकर आधिकारिक तौर पर अध्यक्ष घोषित किया गया। गौरतलब है कि सोनिया गांधी पिछले 19 सालों से पार्टी की कमान संभाल रही थीं। बीते कुछ वक्त से सोनिया की तबीयत खराब चल रही थी।