कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ चल रही है। इस बीच राहुल गांधी ने अपनी एक तस्वीर के साथ ऐसा कैप्शन दिया, जिसके बाद कई तरह के कयास लगाए जाने लगे। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स कहने लगे कि लगता है अगला अध्यक्ष फिर से राहुल गांधी होने वाले हैं। वहीं कुछ लोगों ने तंज कसते हुए भी कई तरह के कमेंट किए हैं।
राहुल गांधी ने किया ऐसा पोस्ट
केरल में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के 12 वें दिन वडगल समुद्र तट पर मछुआरा समुदाय के साथ बातचीत की। इसके बाद उन्होंने केरल के पुन्नमदा झील में सांप नौका दौड़ प्रदर्शनी में हिस्सा लिया। इस दौरान वह चलाते हुए नजर आए। इसी तस्वीर को शेयर कर उन्होंने लिखा, ‘जब नाव बीच मझधार में फंस जाए, तो पतवार अपने हाथ में लेनी पड़ती है। न रुकेंगे, न झुकेंगे, भारत जोड़ेंगे।’
आने लगे ऐसे कमेंट
रविंद्र गौतम नाम के यूजर ने सवाल किया – क्या राहुल गांधी को यह लगता है कि कांग्रेस की नाव मझधार में फंसी है? और क्या अब राहुल गांधी या घोषणा कर रहे हैं कि वो कांग्रेस पार्टी की कमान अपने हाथों में ले रहे हैं और वो अध्यक्ष बनने जा रहे हैं? राजेश मेघवाल नाम के एक यूजर ने लिखा कि एक उम्मीद की किरण, चलते रहो दोस्त मौका अवश्य मिलेगा। पंकज नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि यही सब देखकर तो सत्ता पक्ष वालों की नींद हराम हुई है।
रवि सिंह नाम के ट्विटर यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि पर जब नाव बीच समंदर में डूब जाए, तब पतवार में लेने से ही कोई फर्क नहीं पड़ता। रजनी सिंह नाम के एक यूजर ने सवाल किया – हमें तो लग रहा है कि आप फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। आलोक नाम के यूजर द्वारा लिखा गया – आप और सोनिया गांधी ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते रहेंगे तो और लोग केवल दरी बिछाने के लिए हैं क्या? रविंद्र नाम की एक यूजर ने कमेंट किया कि जब आपको ही राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना है तो चुनाव क्यों कराया जाता है?
अध्यक्ष पद के लिए होना है चुनाव
कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होने वाला है। इसको लेकर कई तरह के कयास भी लगाए जा रहे हैं। इस चुनावी रेस में एक तरफ राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत हैं तो वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री शशि थरूर के नाम पर भी चर्चा हो रही है। जानकारी के लिए बता दें कि कांग्रेस की ज्यादातर नेताओं ने राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाने की बात की है लेकिन राहुल गांधी लगातार इससे किनारा कर रहे हैं।