उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने उत्तर प्रदेश में कुर्सी पाने के लिए अपनी तैयारियां शुरू कर ली है। इसी मुद्दे पर एक न्यूज़ चैनल पर डिबेट हो रही थी। डिबेट के दौरान एंकर का जवाब देते हुए कांग्रेस प्रवक्ता कहा कि यूपी में राम राज्य की उपमा देकर रावणराज्य चल रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने कई मुद्दों पर योगी सरकार पर निशाना साधा। इसके साथ ही डिबेट के दौरान भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया को भी खरी-खोटी सुनाने में पीछे नहीं रही।

दरअसल यह डिबेट आज तक चैनल के ‘दंगल’ शो में हो रही थी। इस लाइव डिबेट के दौरान एंकर चित्रा त्रिपाठी ने कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक से सवाल पूछा कि गौरव भाटिया आरोप लगा रहे हैं कि आप के नेता तैयारियां करते हुए नजर नहीं आ रहे हैं। ऐसे कैसे जीतेंगे उत्तर प्रदेश?

एंकर के इसी सवाल का जवाब देते हुए रागिनी नायक ने कहा कि, ‘ मैं गौरव भाटिया से कहना चाहूंगी कि रावण का घमंड भी नहीं चला था’। अपनी बात आगे बढ़ाते हुए वो बोलीं कि, ‘उत्तर प्रदेश में भी रामराज्य की उपमा देकर रावण राज ही चल रहा है। घमंड का सर हमेशा नीचे होता है गौरव भाटिया जी’। उन्होंने आगे कहा कि यह जो जनता जनार्दन जो पलकों पर बैठाती है न, यह नंगे पाव दौड़ा भी देती है।

उन्होंने आगे प्रियंका गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि, ‘ प्रियंका गांधी लगातार उत्तर प्रदेश के प्रमुख मुद्दे टि्वटर के जरिए उठा रही हैं’। रागिनी नायक के इस जवाब पर एंकर चित्रा त्रिपाठी ने उनको टोकते हुए कहा कि चुनाव ट्विटर से थोड़ी जीते जाते हैं। नेताओं को जमीन पर उतरना पड़ता है। जो बड़े नेता है उनको जमीन पर उतर कर काम करना पड़ता है इस बात को कब समझेंगे आप लोग?

इस पर रागिनी नायक ने चित्रा त्रिपाठी की समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगता है आपकी भी समझ एकतरफा हो गई है। आज तक चैनल के इस डिबेट पर लोगों ने ट्विटर पर कमेंट किया है। @DivyankSrivas18 टि्वटर हैंडल से एंकर चित्रा त्रिपाठी के पत्रकारिता पर सवाल उठाते हुए लिखा गया कि चित्रा जी को बीजेपी का प्रवक्ता बन कर शामिल होना चाहिए , आज तक की एंकरिंग नहीं..।

वहीं एक यूजर ने इस डिबेट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि, ‘कांग्रेस का तो राम से भी नाता नहीं तो वो किस मुँह से राम राज्य की बात करते हैं।जो कांग्रेस बोलते हैं कि राम का कोई अस्तित्व नहीं है वो आज राम राज्य की बात करने लगे। अगर आप ही राम राज्य लाने वाले थे तो इतने वर्षों तक कौन सी जड़ी सूंघ के सोए थे। राम राज्य बनाओ राजस्थान को देखें हम भी’।