कांग्रेस राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर रही है। जिसको लेकर अन्य दल राहुल गांधी पर कटाक्ष करते नजर आ रहे हैं। इस बीच सीपीएम ने भी कार्टून के जरिए राहुल गांधी पर निशाना साधा। इन्हीं तमाम विषयों पर हो रही चर्चा के बीच कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी
नायक ने सीपीआई को पदयात्रा करने की चुनौती दी। जिस पर CPI के राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान ने चुटकी ली।

अतुल अंजान ने कही ऐसी बात

CPI के राष्ट्रीय सचिव अतुल अंजान ने ‘आज तक’ समाचार चैनल के ‘हल्ला – बोल’ कार्यक्रम में रागिनी नायक की चुनौती पर कहा कि हम लोग बहुत लंबी यात्राएं निकाल चुके हैं। उन्होंने आगे कहा कि हम लोगों ने तत्कालीन बाजपेई सरकार के खिलाफ पैदल यात्रा निकाली थी। जिसको लेकर तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई ने कहा था कि यह दीवाने हैं और दीवानों की तरह निकल पड़े हैं।

कांग्रेस पर कसा तंज

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अतुल अंजान ने कहा कि जिनके घर शीशे के हैं, वह दूसरों के घर पत्थर नहीं उछालते। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, ‘ हम लोग कटीले तारों पर पदयात्रा करने वाले लोग हैं, हम कंटेनर में चलकर पदयात्रा नहीं करते हैं।’ कांग्रेस पर बरसते हुए अतुल अंजान ने सवाल किया कि क्या आप लोग गुजरात मॉडल को चुनौती देंगे? आज से 5 साल पहले जब गुजरात का चुनाव हुआ था तो उसका नतीजा क्या था? वहां पर आप लोगों ने व्यापक एकता क्यों नहीं बनाई थी?

रागिनी नायक ने दिया ऐसा जवाब

रागिनी नायक ने अतुल अंजान को जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से हमेशा कहा गया कि देश 56 इंच की छाती से नहीं चलता है, ये दरियादिली से चलाया जाएगा। कांग्रेस का दिल बहुत बड़ा है और उसकी छत्रछाया भी बहुत बड़ी है। इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि मैंने पदयात्रा के लिए भाजपा को चुनौती दी है और आपको साथ में आने का न्योता दिया है। इस बात का आपको फर्क समझना पड़ेगा।

लोगों के रिएक्शन

सुरेश चंद्र श्रीवास्तव नाम के ट्विटर हैंडल द्वारा लिखा गया कि भारत जोड़ो यात्रा और जुलूस, प्रदर्शन से चुनाव नहीं जीते जाते हैं। चुनाव तो जनता के बीच में रहकर काम करने और उनके दुख – सुख में भागीदार बनने से जीते जा सकते हैं। कांग्रेस की यात्रा की हवा तो गुजरात चुनाव में निकल जाएगी। राजेश नाम की एक यूजर ने लिखा – विपक्षी एकता से कुछ नहीं होने वाला है, नीतीश कुमार जी तो फालतू हर जगह चाय पीने निकले थे।