पंजाब पुलिस बुधवार के तड़के ही कवि डॉ कुमार विश्वास के घर पर पहुंच गई। घर पर पंजाब पुलिस के पहुंचने की जानकारी स्वयं कुमार विश्वास ने अपने सोशल मीडिया से दी। जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों के कमेंट्स की बाढ़ आ गई। इसी बीच आम आदमी पार्टी के विधायक नरेश बालियान ने कुमार विश्वास पर निशाना साधते हुए पलटवार किया।
नरेश बालियान ने यूं कसा तंज : आप विधायक ने कुमार विश्वास पर तंज कसते हुए पूछा कि कांप काहे रहे हो? जो बोला था चुनाव से पहले आपने उसी का तो सबूत मांगने पहुंची है पंजाब पुलिस, दे दो। बात खत्म। ऐसे कैसे चलेगा? मैं पंजाब जीत की खुशी में मिठाई खिलाने पहुंचा था तो भी आप नहीं खाए। फिलहाल आप पंजाब पुलिस की चेतावनी याद रखो डॉ कुमार विश्वास।
लोगों की प्रतिक्रियाएं : कुमार विश्वास के घर पुलिस पहुंचने के मामले में सोशल मीडिया पर कुछ लोग उनका समर्थन करते नजर आ रहे हैं तो वहीं कुछ यूजर तंज कसते हुए कमेंट कर रहे हैं। पत्रकार सुशांत सिन्हा द्वारा कमेंट किया गया कि अजीब तमाशा चल रहा है। एक राज्य की पुलिस के हाथ लग गई है, लोकतांत्रिक होने का असली चेहरा सामने आ गया है। कुछ और राज्य की पुलिस हाथ लग गई तो इमरजेंसी टाइप ही माहौल बना देंगे लगता है। गजबे है।
शिवम भट्ट नाम के एक टि्वटर हैंडल से कमेंट आया, ‘ दिल्ली पुलिस आजकल राज्य की कानून-व्यवस्था संभालने के अलावा देश भर में घूम-घूम कर हिसाब किताब भी देख रही है.. वर्क प्रेशर क्या होता है कोई इस समय इनसे पूछो? पीयूष कुमार नाम के एक यूजर ने आप विधायक के तंज पर कमेंट करते हुए लिखा कि इन्हें अब यह ज्ञान याद आ रहा है, जब पुलिस का डंडा इनके दरवाजे तक आ पहुंचा है। जब आरोप लगा रहे थे तो ज्ञान कहां था।
सूरज त्रिपाठी नाम के एक ट्विटर यूजर लिखते हैं कि अपने पर्सनल फायदे के लिए किसी आदमी को इतना भी गिरने की जरूरत नहीं होती है। अरुण सिंह गुर्जर ने लिखा, ‘ इस तरह की कार्रवाई जब आम आदमी पार्टी के नेताओं पर की जाती है तो संविधान को खतरे में बताया जाने लगता है।’ अभिनव सिंह ने कमेंट किया – कुमार विश्वास के घर एकदम डर का माहौल बन गया है, चुनाव के समय जब बोल रहे थे तो समझ नहीं आया था।
