कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) यूपी विधानसभा चुनाव (UP Assembly Election) में पार्टी का नेतृत्व कर रही हैं। ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ नारे के साथ प्रियंका गांधी महिलाओं को साधने में कितना कामयाब होती हैं, ये तो चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद ही पता चल पायेगा लेकिन 40 प्रतिशत महिलाओं को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी का वादा उन्होंने जरूर किया था। हालांकि खुद प्रियंका गांधी वाड्रा विधानसभा चुनाव के मैदान में नहीं उतर रही हैं।

चुनाव लड़ने के सवाल पर प्रियंका गांधी वाड्रा का जवाब: ABP न्यूज़ के कार्यक्रम ‘घोषणापत्र‘ में प्रियंका गांधी से सवाल पूछा गया कि आपके नेतृत्व में इतनी महिलाएं और नेता चुनाव लड़ रही/रहे हैं तो उनकी जो नेता और लीडर हैं प्रियंका गांधी वाड्रा, उनको भी चुनाव लड़ना चाहिए? इस पर प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि हर चीज का एक समय होता है।

प्रियंका गांधी ने कहा- जरूर लडूंगी चुनाव: प्रियंका गांधी ने कहा कि “मेरा जितना राजनीतिक अनुभव है, मुझे लगता है कि अभी चुनाव लड़ने का समय नहीं है। हालांकि ये सवाल आप लोग बार-बार उठाते है लेकिन आप लोग भी इस बात से सहमत जरूर हैं”। प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि ‘चुनाव जरूर लडूंगी लेकिन सही समय आने के बाद’!

‘चुनाव में विकास और असली मुद्दों पर हो बात’: बता दें कि कांग्रेस पार्टी इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी वाड्रा के ही नेतृत्व में चुनावी मैदान में हैं। प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार कर रही हैं, बैठकें कर रही है और कार्यकर्ताओं से खुद मुलाकात कर रणनीति बना रही है। प्रियंका गांधी वाड्रा का कहना है कि चुनाव के समय सिर्फ और सिर्फ विकास और असली मुद्दों पर बात होनी चाहिए। कांग्रेस ने इसके लिए अपने घोषणापत्र में कई चीजों को शामिल किया है।

जब कांग्रेस ने यूपी चुनाव के लिए अपना पहला घोषणा पत्र जारी किया था, तब उनसे पूछा गया कि यूपी में कांग्रेस की तरफ से मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा था कि मेरे अलावा किसी और का चेहरा आप लोगों को दिखाई दे रहा है क्या? मतलब प्रियंका गांधी ने खुद को ही मुख्यमंत्री चेहरे के तौर पर पेश किया था। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग हो चुकी है और सात अन्य चरणों में यूपी विधानसभा का चुनाव सम्पन्न होगा। 10 मार्च को चुनाव के नतीजे सामने आएंगे।