कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी को मजबूत करने के लिए लखनऊ पहुंची है। प्रियंका 3 दिन के यूपी दौरे पर है। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए योगी सरकार पर निशाना साधा है। उनका यही वीडियो शेयर करते हुए फिल्ममेकर अशोक पंडित ने तंज कसा। उन्होंने लिखा कि मैडम आप अमेठी और रायबरेली तो बचा नहीं पाए।

बता दें कि कांग्रेस महासचिव के स्वागत के लिए लखनऊ में जगह-जगह होर्डिंग, बैनर और पार्टी के झंडे लगाए गए हैं। वहीं पार्टी मुख्यालय भी नए रूप रंग में तैयार किया गया है। लखनऊ पहुंचते ही प्रियंका गांधी ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद 2 घंटे का मौन व्रत रखा। मौन व्रत के बाद प्रियंका गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस महासचिव ने योगी आदित्यनाथ पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि यूपी में संविधान को नष्ट किया जा रहा है और लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है, इसलिए हम लोकतंत्र और यहां की जनता के पक्ष में खड़े होने के लिए आए हैं। योगी सरकार के साथ ही प्रियंका ने पीएम मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम यहां पर आए और योगी को प्रमाण पत्र दे गए कि कोरोना में उन्होंने कितना अच्छा काम किया है। इस दौरान प्रियंका गांधी ने किसान नेताओं से भी मुलाकात की।

उनके इसी बयान के एक वीडियो को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर करते हुए फिल्म मेकर अशोक पंडित ने लिखा कि मैडम आप अमेठी और रायबरेली तो बचा नहीं पाए, पूरे यूपी में कैसे जीत पाएंगे? रस्सी जल गई लेकिन बल नहीं गया। उनके इस ट्वीट पर एक यूजर ने प्रियंका गांधी के मजे लेते हुए लिखा कि इनको रायबरेली में जनपद पंचायत अध्यक्ष के लिए प्रत्याशी नहीं मिला और इनको यूपी में सरकार बनानी है, गजबे हैं।

कुछ दिन पहले भी अशोक पंडित ने प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साधा था। दरअसल प्रियंका गांधी ने महंगाई के मुद्दे पर केंद्र सरकार से सवाल करते हुए ट्वीट किया था। उनके ट्वीट का जवाब देते हुए अशोक पंडित ने लिखा था कि मैडम जहां तक लूट का सवाल है वो तो 2014 को ही ख़त्म हो गयी थी क्योंकि सारे लूटेरों का राज पाठ देश ने छीन लिया था। अमेठी और रायबरेली की जनता ने भी आपको आपकी जगह बता दी। लूट पाट के बारे में अपने पति से भी कुछ सवाल पूछ लीजिए।