कर्नाटक में हिजाब को लेकर उठे मुद्दे ने पूरे देश में सियासत को गर्म कर दिया है। इस राजनैतिक दल इस प्रकरण पर आमने सामने आ गए हैं। इसी बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने एक ट्वीट किया। जिसके जवाब में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पूछा कि बिकनी पहनकर स्कूल – कॉलेज कौन जाता है?

दरअसल अनुराग ठाकुर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के विषय को लेकर टाइम्स नाउ चैनल के कार्यक्रम ‘फ्रेंकली स्पीकिंग’ में चर्चा कर रहे थे। इस दौरान एंकर नाविका कुमार ने उनसे सवाल किया कि प्रियंका गांधी ने कहा है कि लड़की बिकनी पहनना चाहे तो उसके पसंद का मामला है? इस पर अनुराग ठाकुर ने कहा – पता नहीं प्रियंका गांधी कौन सी दुनिया में रहती हैं.. बिकनी पहनकर स्कूल कौन जाता है।

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि इस देश में जिसकी जो इच्छा होती है वह पहनता है। कोई साड़ी..कोई सूट तो कोई जींस पहनता है। भारत में लोकतंत्र है ऐसे में जिसको जो कहना है वह पहने लेकिन शिक्षण संस्थानों में एक ड्रेस कोड होता है। क्या प्रियंका गांधी यह चाहती है कि स्कूलों में ड्रेस कोड बंद कर दिया जाए और जिसको जो मर्जी हो वह पहनें?

कांग्रेस पार्टी पर हमला बोलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा – प्रियंका गांधी के ट्वीट से यह समझ में आता है कि इनकी सोच कैसी है। इसके साथ उन्होंने यह भी कहा कि इनकी पोस्टर गर्ल ही छोड़ कर चली गईं। इस पर एंकर ने उनसे सवाल पूछा कि जब वह कांग्रेस में रहती है तो आपको आपत्ति रहती है लेकिन बीजेपी ज्वाइन करने पर कोई दिक्कत नहीं होती? इस पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस से आई बहनों ने ही प्रियंका की पार्टी पर कई तरह के आरोप लगाए हैं, हमारी तरफ से कुछ नहीं कहा गया है।

अनुराग ठाकुर के इंटरव्यू पर लोगों की प्रतिक्रिया : अभिषेक त्रिपाठी नाम के एक यूजर ने कमेंट किया – हिजाब के मुद्दे की शुरुआत जब बीजेपी ने नहीं की है तो उससे सवाल क्यों किया जा रहा है। अल्ताफ आलम नाम के एक यूजर ने कमेंट किया कि अभी यही स्कूल-कॉलेज जींस बैन कर दे और स्कर्ट की लंबाई तय कर दे, तो यही लोग मातम करते नजर आएंगे कि कॉलेज प्रशासन कौन होता है? सबको अपने हिसाब से पहनने ओढ़ने की आज़ादी है, देश में फ्रीडम ऑफ चॉइस है, वगैरह- वगैरह।