भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उत्तर प्रदेश (UP) अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय कथित तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ट्वीट कर सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल शनिवार (7 जुलाई, 2018) को चंदौली से सांसद पांडेय ने राहुल गांधी के अमेठी दौरे की तस्वीर शेयर की थी। इसमें राहुल गांधी बदहाल सड़क से गुजर रहे हैं। तस्वीर के नीचे लिखा गया है, ‘यह तस्वीर यूपी के अमेठी बायपास सड़क की है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी यहां से लगातार तीन बार सांसद हैं, लेकिन सड़क की ऐसी बदहाली सवाल खड़े करती है। इसी मार्ग से राहुल गांधी की गाड़ी गुरुवार को हिचकोले खाते हुए गुजरी।’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। सुशील कुमार सिंह लिखते हैं, ‘आपने भी खूब जुमले फेंकने मे कोई कमी नहीं की। कितनी बार आपसे भी मिला गया। आपने हर बार कहा कि जुलाई में आपलोग स्कूल मे होंगे। अभी क्या चल रहा है? यही है डिजिटल इंडिया???’ अभिषेक गोरखपुर की तस्वीर शेयर कर लिखते हैं, ‘और ये है गोरखपुर!! जहां से ठाकुर योगी आदित्यनाथ लगातार 5 बार से सांसद रहे और उसके पहले उनके गुरु अवैद्यनाथ 3 बार सांसद रहे। 29 साल तक यह सीट गुरु (अवैद्यनाथ) और चेले (आदित्यनाथ) के पास रही है।’ मनीष कुमार लिखते हैं, ‘बस यही होगा आप लोगों से और कुछ नहीं। ये उत्तर प्रदेश की जनता है देना जानती है तो लेना भी जानती है।’
एक अन्य ट्वीट में अंकुर पांडेय लिखते हैं, ‘प्रभु! एक साल से ज्यादा समय से आपकी ही सरकार है यूपी में। चलिए राहुल गांधी ने नहीं करा कुछ। इतने सालों से वहां का सांसद होने के बावजूद इसका ये मतलब तो नहीं की आप इसे एक फोटो opportunity की तरह इस्तेमाल करें। ये क्या अच्छा ना होता की आप इसे बनवाते और फिर तुलनात्मक तरीके से बताते?’ संदीप सिंघल लिखते हैं, ‘अमेठी तो उत्तरप्रदेश में है और यहां पर सरकार भाजपा की चल रही है फिर इस फोटो का क्या मतलब।’
— Mahendra Nath Pandey (@DrMNPandeyMP) July 7, 2018

