शिमला के जुन्गा इलाके में फ्लाइंग फेस्टिवल का आयोजन हुआ है। यह आयोजन चार दिन तक चलेगा। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इसकी शुरुआत की। कई प्रतिभागी इसमें हिस्सा लेने के लिए पहुंचे हैं। हालांकि इस आयोजन के दौरान एक हादसा हो गया। एक प्रतिभागी की जान बाल-बाल बची।

शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल के दौरान एक प्रतिभागी की क्रैश लैंडिंग हो गई। पैराग्लाइडर लैंडिंग पॉइंट की तरफ आ रहा था लेकिन तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और लैंडिंग पॉइंट से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से जा टकरा गया। पेड़ से टकराने के बाद पैराग्लाइडर का पैराशूट पेड़ में बुरी तरह फंस गया। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोग तुरंत उसे बचाने के लिए पहुंचे।

बताया जा रहा है कि जैसे ही पैराग्लाइडर पेड़ से टकराया तो उसमें अपने दोनों पैरों से पेड़ को जोर से पुश किया। इससे वह अधिक चोटिल होने से बच गया। हालांकि यह दुर्घटना बड़ी हो सकती थी क्योंकि वहां बिजली के तार भी थे। अगर पैराग्लाइडर की दिशा इधर-उधर होती और पैराग्लाइडर तारों में फंस जाता तो बड़ी दुर्घटना हो सकती थीं। हालांकि उसकी जान बच गई और वह सुरक्षित है।

सोशल मीडिया पर इस दुर्घटना का वीडियो वायरल हो रहा है जिसे देखने के बाद आप समझ सकते हैं कि यह दुर्घटना कैसे हुई। पहली बार शिमला में फ्लाइंग फेस्टिवल का आयोजन किया गया है। इस प्रतियोगिता में जीतने वाले प्रतिभागी को दो लाख रुपए का इनाम दिया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए देश के अलावा विदेश से भी प्रतिभागी शिमला पहुंचे हुए हैं।

बताया जा रहा है कि इस आयोजन का मकसद शिमला में पर्यटकों को आकर्षित करना है, पर्यटन विभाग की तरफ से मिलकर इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। आयोजकों ने बताया कि सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए गये हैं। संतुलन बिगड़ने से एक दुर्घटना हुई थी लेकिन सब कुछ ठीक है, वह पैराग्लाइडर भी सुरक्षित है।