पूरे देश में गणपति पूजा मनाई जा रही है। भक्त प्रसिद्द गणपति पांडाल में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं लेकिन कानपुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें गणपति पांडाल में आर्केस्ट्रा हो रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसे आयोजन पर पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए।
वायरल वीडियो गणपति पांडाल का बताया जा रहा है, जहां गणपति प्रतिमा के सामने आर्केस्ट्रा डांस हो रहा है। जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हुए हैं। दावा है कि ये वीडियो कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के महोली गांव का है। गणेश पांडाल में हो रहे इस डांस के वीडियो पर लोग आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं और ऐसे आयोजन पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
संजय त्रिपाठी ने लिखा, ‘धार्मिक आयोजन में अश्लीलता और फूहड़ता का क्या काम? कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र के महोली गांव में गणेश पूजा के मंच पर फिल्मी गानों पर कुछ इस तरह ठुमके लगे। ऐसे आयोजन करने वालों पर पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिये।’ दीपक नाम के यूजर ने लिखा, ‘आजकल ये ट्रेंड चल रहा है, पूजा तो एक बहाना है, मुख्य उद्देश्य मनोरंजन करना है।’
दिव्यांश ने लिखा, ‘धार्मिक कार्यक्रमों के मंच पर ऐसी अश्लीलता फैलाने वाले कार्यक्रम का होना सनातन धर्म का अपमान है।’ अशोक शुक्ला ने लिखा, ‘यह तो कार्यक्रम के आयोजकों और स्थानीय हिन्दू स्वयंसेवी संस्थाओं की कमज़ोरी है जो भक्ति कार्यक्रम और मनोरंजन कार्यक्रम में अंतर नहीं कर पाते।’ एक अन्य ने लिखा, ‘घोर कलयुग चल रहा है, लोग खुद ही अपनी संस्कृति को बर्बाद कर रहे हैं।’
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो पर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है तो वहीं कुछ का कहना है कि ऐसे आयोजन कानपुर में अक्सर होते रहते हैं। हालांकि अधिकतर लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन पर रोक लगाने की जिम्मेदारी वहीं के समाज की है। धार्मिक आयोजन को इस तरह मनोरंजन वाला कार्यक्रम नहीं बनाना चाहिए।