‘जाको राखे सईंया मार सके ना कोय’ नोएडा के सेक्टर 25 इलाके में शनिवार को एक लड़की के साथ कुछ ऐसा ही घटित हुआ। दरअसल, सेक्टर 20 पुलिस थानाक्षेत्र के एलिविटेड फ्लाईओवर पर एक कार की टक्कर के बाद स्कूटी सवार लड़की फ्लाईओवर के पिलर पर आकर गिर गई। अगर लड़की 1 इंच भी इधर-उधर होती तो वह सीधा सड़क पर गिरती और उसकी मौत भी हो सकती थी, लेकिन किस्मत अच्छी रही कि लड़की फ्लाईओवर के पिलर पर जा फंसी। बाद में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने लड़की का रेस्क्यू किया।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
जानकारी के मुताबिक, लड़की फ्लाईओवर से गुजर रही थी तभी अज्ञात वाहन ने स्कूटी को टक्कर मारी। इसके बाद लड़की उछलते हुए ब्रिज के गैप वाले हिस्से से निकलते हुए पिलर पर जा गिरी। लड़की का मोबाइल और जूते फ्लाईओवर से नीचे गिरे, लेकिन लड़की ब्रिज पर फंसी रही। मौके पर तुरंत लोगों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद सेक्टर 20 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से लड़की को बचाया।
क्रेन की मदद से उतारी गई लड़की
यह घटना शनिवार दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने लड़की को क्रेन की मदद से नीचे उतारा। इस दौरान जेसीबी का इस्तेमा किया गया। रेस्क्यू के तुरंत बाद लड़की को नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार हुआ।
पुलिस का आधिकारिक बयान
इस घटना को लेकर पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि हादसे के वक्त यह लड़की सेक्टर 62 की तरफ जा रही थी। एलिवेटेड रोड पर एक कार थी। उसकी स्पीड को देखते हुए लड़की ने अपनी स्कूटी का ब्रेक लगाया तो वह फ्लाईओवर से नीचे गिरकर गैप के पिलर में फंस गई। 2 लड़के भी नीचे उतर गए थे। सूचना पर लड़की और अन्य 2 लड़कों को सकुशल निकाला गया है। लड़की को ज्यादा चोट नहीं आई है। वहीं सीसीटीवी की मदद से कार चालक लड़कों की तलाश की जा रही है।