बारिश की वजह से देश भर कई घटनाएँ हो रही हैं। कहीं बाढ़ आ रही है तो कहीं भूस्खलन की वजह से लोगों की जान जा रही है। इसी बीच नागालैंड का एक डराने वाला वीडियो सामने आया है जिसमें हाईवे पर खड़ी गाड़ियों पर एक बड़ा पत्थर आकर गिरता है और इससे हाईवे पर खड़ीं गाड़ियों का कचूमर निकल गया। इस हादसे का डरावना वीडियो वायरल हो रहा है।

नागालैंड में हुए भूस्खलन का वीडियो आया सामने

नेशनल हाईवे 29 पर कई गाडियां जाम में फंसी हुई थी। बारिश की वजह से भूस्खलन शुरू हुआ। कुछ पत्थर सड़क पर गिरने लगे। इसी बीच एक बड़ा पत्थर ऊपर से नीच गिरता है जिसकी चपेट में कई गाडियां आई। तीन गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और उसमें सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि करीब तीन लोग घायल बताये जा रहे हैं।

वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल

यह घटना पीछे खड़ी गाड़ी के डैश बोर्ड के कैमरे में कैद हो गई। इस भयावह घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस हादसे में एक गाड़ी तो पूरी तरह पिचक गई, जबकि दूसरी गाड़ी पलट गई और तीसरी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है।

खबरों के अनुसार, यह घटना दीमापुर-कोहिमा नेशनल हाइवे पर शाम पांच बजे के करीब हुई। घटनास्थल को ‘पाकला पहाड़’ के नाम से जाना जाता है। इस जगह पर अक्सर भूस्खलन की घटनायें होती रहती हैं। सरकार ने इस घटना को संज्ञान में लिया है और मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने ट्वीट कर कहा है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर चट्टान गिरने से 2 लोगों की मौत और 3 अन्य गंभीर रूप से घायल होने सहित गंभीर क्षति हुई। इस स्थान को हमेशा “पकाला पहाड़” के नाम से जाना जाता है। भूस्खलन और चट्टानों के गिरने के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार, भारत सरकार के साथ मिलकर बुनियादी सुरक्षा ढांचे के लिए तत्काल कदम उठाने का प्रयास कर रहे हैं। यह हमारे नागरिकों के जीवन और सुरक्षा से संबंधित है।