समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इन दिनों सोशल मीडिया पर सक्रिय नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया के इतर वह अपने कार्यकर्ताओं से भी मिलते जुलते दिखाई दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पूरी तरह से तैयारी करने में लगी हुई है। ऐसे में पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव यूपी में जगह-जगह अपने कार्यकर्ताओं से मिलकर उनमें जोश भर रहे हैं।

उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल से दो बच्चों की एक तस्वीर शेयर की। जिसके बाद उनके ट्वीट पर कमेंट की बाढ़ आ गई। दरअसल उन्होंने जो फोटो अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर की है उसमें एक बच्चा दूसरे बच्चे की पीठ पर चढ़कर अखिलेश यादव को देखने का प्रयास कर रहा है। बच्चों की यह तस्वीर सपा प्रमुख ने शेयर करते हुए लिखा कि आज समाजवादियों के कार्यक्रम में मंच की एक झलक पाने के लिए ये है बच्चों का एक अद्भुत प्रयास… ऐसे संकल्पित भविष्य से ही होगा ‘नव उप्र’ का निर्माण। बड़ों का हाथ, युवा का साथ, बच्चों का प्यार।

सपा प्रमुख के इस ट्वीट पर काफी लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। एक ट्विटर यूजर हंसने वाली इमोजी के साथ लिखते हैं कि यह देख रहा है कहीं लैपटॉप तो नहीं बंट रहा है। @MaddyNamdev टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि बचपन में जब मदारी आता था गांव में या कोई जादू वाला… तब भी ऐसे ही सहारा लेकर हम देखा करते थे। अखिलेश भाई साहब को गलतफहमी हो गई।

एक ट्विटर यूजर लिखते हैं कि कुर्सी ना मिलने का दर्द। इन बच्चों के दिल पर आज क्या बीत रही होगी। क्या आपने रैली के बाद इन बच्चों का ख्याल किया। भीड़ है तमाशा है और आपका यह ट्वीट…इस चित्र के पीछे न जाने कितनी कहानियां होंगी यह बच्चे शिक्षा से दूर होंगे एक अच्छे समाज से आर्थिक दृष्टि से समग्र विकास से दूर है। @Ajay536656 टि्वटर हैंडल से लिखा गया कि यह बालक देख रहे हैं कि सपा सत्ता से कितनी दूर चली गई… कहीं दिखाई ही नहीं दे रही है।

बता दें कि अखिलेश यादव सोमवार को सैफई पहुंचे थे। जहां उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात भी की थी। उसके बाद अपनी पार्टी द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में शिरकत भी की। माना जा रहा है कि उन्होंने जो तस्वीर शेयर की है वह उनके कार्यक्रम की ही है।