केरल से हैरान करने वाली एक खबर सामने आई है, यहां एक महिला को ‘यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण’ (पोक्सो) अधिनियम के तहत नाबालिग को भगाकर ले जाने और उसके साथ यौन शोषण करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। आरोपी महिला (30) दो बच्चों की मां है, जो हफ्ते भर पहले अपने एक दूर के नाबालिग रिश्तेदार (17) के साथ भाग गई थी। महिला और किशोर के परिवारों द्वारा अलग-अलग गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने के पांच दिन बाद दोनों को कर्नाटक के कोल्लूर में खोजा गया।
पुलिस ने बताया कि दोनों ने इस दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया। पुलिस ने बताया कि उन्हें कोल्लूर में पकड़ा गया, जहां महिला ने बसने के लिहाज से एक मकान किराए पर ले रखा था। महिला पहली बार एक पारिवारिक समारोह में लड़के के संपर्क में आई थी, जिसके बाद कथित शोषण शुरू हुआ।
पुलिस ने बताया कि पति द्वारा ससुराल में वापस ले जाने के प्रयास के बाद महिला कथित तौर पर किशोर के गांव (कुतियाथोडू पुलिस थाने के अंतर्गत) से उसे लेकर फरार हो गई। चेरथला पुलिस ने महिला को पोक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया और अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। किशोर को वापस उसके परिवार को सौंप दिया गया है।