राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू की जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी ने जश्न मनाया। पूरे देश में बीजेपी कार्यकर्ता झूमते नजर आए। वहीं केंद्रीय मंत्री और दिल्ली से बीजेपी सांसद मीनाक्षी लेखी ने द्रौपदी मुर्मू की जीत पर जमकर ढोल नगाड़े बजाए लेकिन उन्होंने इस दौरान एक मीडिया चैनल से बात करते हुए ऐसी बात कही, जिससे लोग उन पर चुटकी लेने लगे।
मीनाक्षी लेखी की फिसली जुबान
केंद्रीय मंत्री एक समाचार चैनल से राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आने से पहले बात कर रही थी। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘अभी घोषणा बाकी है, उसका इंतजार है लेकिन जिस तरीके के निर्णय अभी तक सामने आए हैं। उससे यह बात निश्चित है कि द्रौपदी मुर्मू भारत की ‘प्रधानमंत्री’ बनने जा रही हैं।’ केंद्रीय मंत्री के वीडियो को कांग्रेस नेताओं ने अपनी सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया है। जिस पर लोग तरह-तरह के रिएक्शन दे रहे।
कांग्रेस प्रवक्ता ने कसा तंज
कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने अपनी सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को शेयर कर लिखा कि आपके समक्ष श्रीमती मीनाक्षी लेखी, विदेश राज्य मंत्री। भारतीय यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल से इस वीडियो को शेयर किया है।
लोगों ने यूं ली चुटकी
सूरज त्रिपाठी नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं कि इनमें तो खुद प्रधानमंत्री बनने के सारे गुण मौजूद हैं, नमूना तो पहले ही दिखा चुकी हैं, अपने ज्ञान का। बाबूलाल नामदेव नाम के एक यूजर ने इस वीडियो पर लिखा – यह सत्ता का कैसा नशा है कि राष्ट्रपति को प्रधानमंत्री कहने लगी, मोदी सरकार की मंत्री। रोहित सिंह नाम के एक यूजर ने चुटकी लेते हुए कमेंट किया कि यह वही मैडम हैं, जिन्होंने स्वच्छ भारत और स्वस्थ भारत गलत लिखा था। महमूद नाम के एक यूजर ने कमेंट किया, ‘ मीनाक्षी लेखी द्रौपदी मुर्मू को प्रधानमंत्री बता रही हैं, लगता है नरेंद्र मोदी जी वापस गुजरात जा रहे हैं।’
ज्योति नाम के ट्विटर यूजर द्वारा लिखा गया कि इन सबके दिमाग खाली हो गए हैं सत्ता में आने के बाद, वीआईपी जिंदगी जी रहे हैं। इन्हें क्या बोलना है कुछ भी पता नहीं है, इनसे सही तो आम आदमी बोल लेता है। अरविंद प्रताप सिंह लिखते हैं – हर बात में प्रधानमंत्री का नाम लेते लेते बाकी पदों का नाम भूलने की आदत हो गई है। सत्यजीत कुमार नाम के एक यूजर द्वारा लिखा गया गया कि भारी काम के बोझ के कारण वह गलत बोल रही हैं, इसमें इतना तंज कसने की क्या जरूरत है?
