मध्य प्रदेश का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक राष्ट्रीय पक्षी मोर के साथ बर्बरता करता दिखाई दे रहा है। युवक बेरहमी से मोर का पंख निकाल रहा है और इसका वीडियो भी बना रहा है। इस दौरान युवक के साथ एक युवती भी मौजूद थी। राष्ट्रीय पक्षी के साथ हुई बर्बरता का वीडियो वायरल होने के बाद लोग भड़क गए और मामला अब वन विभाग तक पहंच गया है। कुछ लोगों का कहना है कि वह इस वीडियो को पूरा देख तक नहीं पाए, उनको रोना आ गया।
वन विभाग के संज्ञान में है मामला
वीडियो मध्य प्रदेश के कटनी का बताया जा रहा है। मोर के साथ बर्बरता करते युवक का वीडियो वायरल हुआ तो मामला अधिकारियों के संज्ञान में भी आया। जांच में पता चला कि युवक कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वन विभाग ने युवक के खिलाफ वन्य प्राणी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। विभाग की तरफ से युवक को खोजने की कोशिश की गई लेकिन वह मिला नहीं है।
जल्द गिरफ्तारी का किया जा रहा है दावा
अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जायेगा। खबरों के मुताबिक, आरोपी युवक पारधी समुदाय से हैं, जो शिकार करने में निपुण माने जाते हैं। मोर के साथ की गई बर्बरता का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं आई हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
@Arman_Baghi_60 यूजर ने लिखा कि महज रील बनाने के लिए आप एक बेजुबान के साथ ऐसा नहीं कर सकते, मोर राष्ट्रीय पक्षी है। राजेश यादव नाम के यूजर ने लिखा कि रील बनाने के लिए लोग कितना गिर सकते हैं, यक़ीन नहीं हो रहा। सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। एक यूजर ने लिखा कि अगर ये उत्तर प्रदेश का निकला तो अब यह अपने ही बाल को उखाड़ने से डरेगा, किसी और प्रदेश का निकला तो पता नहीं क्या होगा। एक अन्य यूजर ने लिखा- यह वीडियो पूरा तो देख तक नहीं पाया।
@amitsanger यूजर ने लिखा कि बर्बरता करने वाले युवक, साथ में बैठी लड़की और वीडियो बनाने वाले के खिलाफ इतनी कठोर कार्रवाई हो कि कोई ऐसा सोचने से पहले कांप उठे। एक यूजर ने लिखा कि रील के चक्कर में लोग इंसानियत भूल बैठे हैं, कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। एक अन्य यूजर ने लिखा – रील के चक्कर में पड़कर लोग ऐसे ना जाने कितने अपराध कर रहे हैं, इस पर कानून बनना चाहिए। इस युवक को कठोरतम सजा मिलनी ही चाहिए।