मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और बीजेपी एड़ी चोटी का जोर लगाकर मैदान में उतरी हुई है। मध्य प्रदेश में दोनों ही पार्टियों को अपने ही नेताओं और कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। अब कांग्रेस के एक विधायक और विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वह अपने ही कार्यकर्ताओं को मारने की बात कह रहे हैं।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अपने असंतुष्ट नेताओं और कार्यकर्ताओं से परेशान है। आशंका है कि ये नेता और कार्यकर्ता विरोधियों की मदद कर सकते हैं। इसी आशंका से परेशान कोतमा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी सुनील सराफ ने कांग्रेसियों को ही धमकी दे दी है।

सुनील सराफ का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह अपने कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं। वीडियो में वह कह रहे हैं, “जो कांग्रेसी इस बार इस बार मैदान में जाकर कांग्रेस का विरोध करेगा उसे कांग्रेसी कार्यकर्ता उसे दौड़ा-दौड़ा कर मारने वाला है, यह तय है।”

बताया जा रहा है कि सुनील सराफ अपनी पार्टी के नाराज नेताओं से परेशान हैं और उन्हीं के विरोध के चलते चुनाव हारने का डर सता रहा है। दरअसल सुनील सराफ का उनकी ही पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध किया है और टिकट ना देने की पार्टी से मांग भी की थी लेकिन सुनील सराफ को टिकट मिल गया। कहा जा रहा है कि नाराज कांग्रेस कार्यकर्ता विरोधी पार्टी के प्रत्याशी की मदद कर रहे हैं।

वहीं मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि अगर आपको राशन नहीं मिल रहा है तो बीजेपी को वोट क्यों देंगे। कांग्रेस को भी वोट मत देना, कांग्रेस बहुत ही चालू पार्टी है। अखिलेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में महिलाओं पर देशभर में सबसे ज्यादा अत्याचार होते हैं। उन्होंने दलितों और आदिवासियों के उत्पीड़न का भी मुद्दा उठाया है।