मध्य प्रदेश में एक 21 हजार के इनानी लंगूर को पकड़े जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लंगूर पेड़ से अचानक कूदकर लोगों पर झपट्टा मारता था। इससे कई लोग घायल हो चुके थे। लंगूर का खौफ इतना अधिक हो गया था कि लोग बंदूक लेकर छतों पर खड़े होकर पहरा देते थे।
लंगूर पर रखा गया 21 हजार का इनाम
मामला मध्य प्रदेश के राजगढ़ का है। जहां एक लंगूर द्वारा करीब 15 लोगों को घायल किये जाने की खबर सामने आई है। लंगूर द्वारा लगातार लोगों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत हो रही थी। इसके बाद लंगूर को पकड़ने के लिए कई जिलों की टीमें लगाईं गई हैं। इतना ही नहीं, प्रशासन की तरफ से लंगूर पर 21 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
कई लोगों को घायल कर चुका है लंगूर
जब लंगूर ने कई लोगों को घायल कर दिया तो लोगों ने प्रशासन पर ठीक से काम ना करने का आरोप लगाया। लोगों के आक्रोश को देखते हुए कई जिलों की वन विभाग की टीम लंगूर को पकड़ने में लगाई गई। आखिरकार लंगूर को ग्रामीणों की मदद से पकड़ा गया और उसे जाल में फंसाकर वन विभाग की टीम अपने साथ लेकर गई।
ऐसे कई वीडियो वायरल हुए थे, जिसमें लंगूर पेड़ से अचानक लोगों के ऊपर झपट्टा मार देता था और लोगों को घायल कर देता था। पूरे इलाके में लंगूर की दहशत फैल गई थी। एक सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि लंगूर अचानक एक व्यक्ति पर हमला कर देता है। लंगूर के हमले में व्यक्ति घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, 21 जून की शाम को उज्जैन से आई स्पेशल टीम ने ड्रोन की मदद से लंगूर को खोज निकाला। उसे बेहोश किया गया और फिर उसे वन विभाग की टीम अपने साथ लेकर गई। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। बता दें कि नगर पालिका की तरफ से बंदर को पकड़ने वाले को 21 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई थी।