Palitana Lion Viral Video: गुजरात के गिर के जंगलों के बाहर भी अब बब्बर शेरों (Asiatic Lions) का कुनबा बढ़ रहा है। ताजा मामला भावनगर जिले के पालिताणा में स्थित प्रसिद्ध शत्रुंजय पहाड़ी का है, जहां तीर्थयात्रा और सैर-सपाटे के लिए आए पर्यटकों का सामना अचानक जंगल के राजा से हो गया। झाड़ियों के पीछे से अचानक शेर को निकलता देख पर्यटकों की जान हलक में अटक गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सीढ़ियों पर आ गया विशालकाय बब्बर शेर
वायरल जिसे एक्स पर MarketWisdombyNSFidai नाम के यूजर ने शेयर किया है में देखा जा सकता है कि कुछ पर्यटक पहाड़ी के रास्ते पर चल रहे थे, तभी चंद कदमों की दूरी पर झाड़ियों में हलचल हुई और एक विशालकाय बब्बर शेर सीढ़ियों पर आ गया। शेर को इतना करीब देखकर पर्यटकों ने शोर मचाने के बजाय खुद को स्थिर कर लिया। जबकि, कुछ लोग इस घटना का वीडियो बनाने लगे।
गनीमत रही कि शेर ने पर्यटकों पर हमला नहीं किया और कुछ पल रुकने के बाद शांति से दूसरी तरफ झाड़ियों में ओझल हो गया। एक्स (X) पर शेयर किए जाने के बाद से इस वीडियो को लाखों बार देखा जा चुका है। यूजर्स इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
यहां देखें वायरल वीडियो –
एक यूजर ने लिखा, “गुजराती लोग शांत और बेपरवाह हैं। उन्हें कोई परेशानी नहीं है। और हां, यह AI नहीं है।” एक अन्य टिप्पणी में लिखा था, “कमबख्त इंसान। हर एक जीवित प्राणी के इलाके, जीने के तरीके, फूड चेन और इकोलॉजिकल बैलेंस पर हमला करके उन्हें बर्बाद कर रहे हैं।” वहीं वन्यजीव प्रेमियों का कहना है कि यह शेरों के बढ़ते कुनबे और उनके प्राकृतिक आवास के विस्तार का संकेत है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार शत्रुंजय पहाड़ी में अक्टूबर माह में भी ऐसी एक घटना हुई थी, जिससे श्रद्धालु और टूरिस्ट दोनों हैरान रह गए। दिवाली के बाद के दिनों में, पहाड़ी पर शर को घूमते हुए दिखाने वाले दो वीडियो क्लिप वायरल हो गए, और देखने वालों ने अपने फोन में हर पल को कैद कर लिया। राज्य वन विभाग ने इन शेरों के दिखने की पुष्टि की है, और बताया है कि यह पहाड़ी शेरों के प्राकृतिक आवास में आती है।
एक क्लिप में एक शेर शांति से दो ग्रुप के लोगों के बीच से गुजरता दिख रहा है, जबकि लाठी लिए गार्ड सुरक्षित दूरी बनाए हुए हैं। दूसरे क्लिप में, एक शेर नंगे पैर चल रहे कुछ श्रद्धालुओं के पीछे चलता दिख रहा है, तभी लाठी वाला एक गार्ड उन्हें चेतावनी देता है। ये शेर परिक्रमा मार्ग पर दिखे, जिसे पहाड़ी पर नंगे पैर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गर्मी कम करने के लिए सफेद रंग से पेंट किया गया है।
