आरजेडी पार्टी में इस समय रस्साकशी का दौर जारी है। बिहार के मुख्य विपक्षी राजद में जोरदार घमासान चल रहा है। तेज प्रताप परिवार में मचे विवाद पर समझौते के मूड में नजर आ रहे हैं। दरअसल लालू यादव के छोटे बेटे तेज प्रताप ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के साथ एक पल भी शेयर करते हुए लिखा कि चाहे जितना षड्यंत्र रचो कृष्ण – अर्जुन की ये जोड़ी को तोड़ नहीं पाओगे ।
लालू यादव के परिवार में मचे घमासान पर ट्विटर पर तमाम लोग अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। विक्रांत नाम के ट्विटर यूजर लिखते हैं कि श्री कृष्ण – अर्जुन तो भक्त और भगवान थे, जोड़ी राधा और कृष्ण की होती है तेजू भाई… आप में राधा कौन है यहां? भाजपा नेता हरि मांझी उनके ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखते हैं कि द्वापर युग में भगवान श्री कृष्ण से तुलना एक और व्यक्ति करता था जिसका नाम पौंडरिक था, उसने इतना अधर्म किया कि उसके बाद श्री कृष्ण ने अपने सुदर्शन से उसका वध कर दिया।
एक टि्वटर यूजर ने मजा लेते हुए लिखा कि ये कृष्ण – अर्जुन का नही, तालिबान – अफगान की जोड़ी वाला प्रेम है। पब्लिक सब जानती है। @bimlendra_in ओह तेरी, इनके तो घर में ही महाभारत बचा हुआ है। एक टि्वटर हैंडल से कमेंट करते हुए लिखा गया कि, ‘ माना कि तुम दोनों भाई अनपढ़ हो, कम से कम टीवी पर महाभारत देख लो। बी आर चोपड़ा न सही एकता कपूर वाला ही। कृष्ण अर्जुन भाई थोड़ी थे।
बता दें कि तेज प्रताप यादव हमेशा अपने आपको कृष्ण बताते हैं वही अपने भाई और तेजस्वी को अर्जुन बताते नजर आते हैं। कई बार उन्होंने सार्वजनिक मंचों से अपने भाई को मुख्यमंत्री बनाने की बात कही है। इन दिनों अपनी पार्टी के नेता जगदानंद सिंह के बयान से काफी नाराज हैं।
दरअसल जगदानंद सिंह ने कहा था कि हु इज तेज प्रताप? उनके इसी बयान के बाद से तेज प्रताप यादव उखड़े नजर आ रहे हैं। जिसके बाद उन्होंने जवाब देते हुए कहा था कि क्या जगदानंद सिंह यह नहीं जानते कि मैं भी लालू प्रसाद यादव का बेटा हूं। उन्होंने यह भी कहा था कि छात्र राजद के अध्यक्ष को हटाया जाना पार्टी संविधान के खिलाफ है। वहीं तेजस्वी यादव ने इस मामले पर कहा था कि तेजप्रताप मेरे बड़े भाई हैं तो वो अलग बात है। हम लोगों को माता-पिता ने ये संस्कार दिया है कि बड़ों की इज्जत करो, सम्मान करो। पार्टी में सब को अनुशासन में रहना चाहिए। उन्होंने तेज प्रताप की नाराजगी पर कहा था कि नाराजगी होती रहती है।
