देश के साथ-साथ महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। भक्त लगातार मुंबई के मशहूर लालबाग के राजा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। हालांकि अब इस गणेशोत्सव में VVIP कल्चर और आम भक्तों के साथ हो रहे दुर्व्यवहार से लोग आक्रोशित हैं। एक तरफ जहां आम भक्तों के साथ दुर्व्यवहार किया गया तो वहीं VVIP को बप्पा के पास खड़े होकर काफी समय व्यतीत करने का मौका दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसके बाद विवाद खड़ा हुआ है।

भक्तों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ, जिसमें गणेशोत्सव से जुड़े पदाधिकारी भक्तों के साथ मारपीट करते दिखे। एक अन्य वीडियो में भक्तों को धक्का देकर बप्पा के पास से भगाया गया। पदाधिकारी भी भक्तों के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट करते दिखाई दिए। वहीं दूसरी तरफ VVIP आराम से बप्पा के पास खड़े होकर दर्शन कर रहे हैं, फोटो क्लिक करवा रहे हैं।

सलेब्स को मिल रहा है VVIP ट्रीटमेंट

एक अन्य वीडियो में देखा जा सकता है कि अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी बप्पा के दर्शन के लिए पहुंची हैं, वह काफी देर तक वहां मौजूद रहीं लेकिन उनके बगल में ही दर्शन के लिए पहुंच रहे आम लोगों को धक्का देकर भगाया जा रहा है। अब इन वीडियो को शेयर कर लोग लालबाग के राजा में चल रहे VVIP कल्चर पर लोग सवाल उठा रहे हैं।

VVIP और आम भक्त के बीच की दीवार

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि बप्पा के एक पैर को VVIP के लिए और दूसरा पैर आम लोगों के लिए बनाया गया है, दोनों पैरों के बीच में रेलिंग लगा दी गई, जो आम और VVIP भक्त के बीच की दीवार है। ये दीवार ‘आरामदायक दर्शन करने वाले VVIP’ और मार, धक्का खाकर दर्शन करने वाले आम भक्तों को बांटती है। वहीं जब कोई बड़ा VVIP आता है तो आम भक्तों के लिए दर्शन बंद भी कर दिए जाते हैं।

हालांकि लालबाग के राजा के पंडाल की ये स्थिति हर साल ऐसी ही रहती है, कभी भक्तों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है तो कभी पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प होती है, पत्रकारों को पीटा जाता है। लेकिन अब सोशल मीडिया पर भक्तों के साथ किए जा रहे दुर्व्यवहार पर लोगों ने नाराजगी दिखाई है।