उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले कि कुंडा सीट से विधायक व जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के मुखिया रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के ससुराल के राज भवन को सरकार अब हेरिटेज साइट के तौर पर विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। इन्हीं विषयों पर बात कर रहीं राजा भैया की बड़ी सास राजमाता आशिमा सिंह ने राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के रिश्ते पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

क्या राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच सब कुछ नहीं है सही?

‘यूपी तक’ न्यूज़ चैनल से बात कर रही राजमाता आशिमा सिंह से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा, ‘राजा भैया बहुत सुलझे हुए व्यक्ति हैं। मुझे नहीं लगता कि दोनो में आपस में कोई खटास है। वह एक अच्छे इंसान हैं, बचपन से घर आते रहे हैं। हमारे और उनके परिवार के सालों से संबंध रहे हैं।’ इसके साथ उन्होंने राजा भैया की तारीफ करते हुए कहा कि वह लोगों का बहुत सम्मान करते हैं।

राजा भैया की बड़ी सास ने इस इंटरव्यू के दौरान यह भी कहा कि राजा भैया को यह बहुत अच्छी तरीके से पता है कि किसी को कैसे सम्मान दिया जा सकता है। वह बहुत विनम्र व्यक्ति हैं, हम लोग राजा भैया के व्यवहार से काफी खुश रहते हैं।

आशिमा सिंह ने बस्ती राजभवन को हेरिटेज साइट बनाने को लेकर कहा कि यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ को लगता है कि जिस तर्ज पर राजस्थान के किलों को होटल बनाए गए, उसी तरह यूपी में भी काम किया जाए। जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश के टूरिज्म को काफी फायदा पहुंचेगा।

अक्षय प्रताप सिंह पर राजा भैया की पत्नी ने किया है मुकदमा

पिछले महीने रघुराज प्रताप सिंह की पत्नी व बस्ती राजघराने की बेटी भानवी सिंह ने अपने ही पति के करीबी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपाल जी पर जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले पर राजा भैया ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि वह अपने भाई के साथ खड़े हैं। जानकारी के लिए बता दें कि कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, राजा भैया ने अपनी पत्नी भानवी सिंह के खिलाफ मैट्रिमोनियल केस भी दर्ज करा रखा है।