पंजाब में खालिस्तानी समर्थक अमृतलाल अपने सहयोगी लवप्रीत सिंह तूफान को रिहा करने के लिए गुरुवार को सैकड़ों समर्थक के साथ थाने पहुंच गया। हाथों में तलवार और बंदूकों के साथ अमृतलाल के समर्थक पुलिस वालों से भिड़ गए। जमकर उत्पात मचाने वालों खालिस्तानी समर्थकों के वायरल वीडियो पर कवि कुमार विश्वास ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कुमार विश्वास ने कही ऐसी बात
पंजाब की घटना पर माधुरी अग्रवाल नाम की एक ट्विटर यूजर द्वारा लिखा गया कि पंजाब के अजनाला में थाने को घेर कर पुलिस वालों पर हमला किया गया। खालिस्तान की मांग करते हुए ये उपद्रव किया जा रहा है। आम आदमी पार्टी की सरकार बनने का प्रतिफल सामने आना शुरू हो गया है। कुमार विश्वास जी की कही बात सिद्ध हो रही है।
ट्विटर यूजर के इस ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कवि कुमार विश्वास ने लिखा, “आपको ग़लतफ़हमी है। न कोई तब माना था न कोई अब मान रहा है। हम सब की क्षुद्र निजी स्वार्थी सोच के कारण ही तो गंधार से ब्रह्मप्रदेश तक फैला भारत माता का पवित्र आंचल बंट गया था। हम तब भी नहीं जागे थे हम अभी भी सोए ही हुए हैं।” इसके साथ कुमार विश्वास ने कहा कि ईश्वर ही जाने। उन्होंने पंजाब से जुड़ी खबरें अपने ट्वविटर हैंडल से शेयर की है।
सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शन
@striking_meet नाम के एक यूजर ने लिखा,”इसमें कुमार क्या कर लेंगे? कुमार के हाथ मे तलवार थोड़ी है, कलम से लोगो को अब नहीं जीता जा सकता नफरत से जीत जा सकता है शायद। और वो नफरत सभी धर्मों के गुणवान व्यक्तियों ने अपने अपने तरीके से फैला रखी है। हिन्दू राष्ट्र तो कभी मुद्दा भी नहीं था भारत तो जन्मजात हिन्दू राष्ट्र है।”
@chandan_stp नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए कमेंट किया- राज्यसभा का टिकट न मिलने पर आप जाग गये वरना आप भी सोये हुए थे। @vishnuchaturv10 नाम के एक यूजर ने कमेंट किया,”एक कवि सोए हुए जन साधारण को जिस प्रकार जागृत कर सकता है उतना कोई नहीं। बाकी सब केवल लाभ ही उठाते हैं।
कुमार विश्वास ने अरविंद केजरीवाल पर लगाया था ऐसा आरोप
कुमार विश्वास ने दिल्ली सीएम व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब चुनाव के समय खालिस्तानी बताते हुए कई तरह के आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि जब वह पार्टी में थे तो खालिस्तानी लोग उनसे मिलने दिल्ली आते थे और पंजाब को लेकर चर्चा करते थे। एक दिन उन्होंने मुझसे कहा था कि मैं या तो पंजाब राज्य का सीएम बनूंगा या फिर आजाद राष्ट्र का पहला पीएम बनूंगा।