Delhi Assembly Election: दिल्ली में 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग होनी है। मतदान से पहले दिल्ली के चुनावी दंगल में उतरे राजनीतिक दलों के बीच जुबानी हमले भी तेज होते जा रहे हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधा। संजय सिंह ने कहा कि जहां देश के पीएम, प्रेसीडेंट जैसे लोग रहते हों उस दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में कोई खुलेआम तमंचे लहराते हुए हमला कर रहा है।संजय सिंह ने आगे कहा कि शाहीन बाग के लोगों को प्रोटेस्ट खत्म करने पर विचार करना चाहिए ताकि हिंसा करने वालों को कोई मौका ना मिले।
संजय सिंह के इसी प्रोटेस्ट खत्म करने के विचार वाले बयान पर किसी जमाने में उनके करीबी रहे मशहूर कवि कुमार विश्वास ने निशाना साधा है। कुमार विश्वास ने लताड़ लगाते हुए कहा कि खुद का दांव जब उल्टा पड़ने लगे तो ये बयानबाजी।
कुमार विश्वास ने संजय सिंह के प्रोटेस्ट खत्म करने वाली बात पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट कर लिखा- जिस अमानती गुंडे और उसके जोड़ीदार शरजिल इमाम से शुरू करवाया था उन्हें ही भेज कर उठवा दो, कह किस से रहे हो? खुद का दांव जब खुद पर उल्टा पड़ने लगा तो ये बयानबाज़ी? अपने अंदाज में कुमार ने चुटकी लेते हुए यह भी लिखा कि चादर लगी फटने तो प्रसाद लगा बंटने।
बता दें कि शरजिल इमाम जेएनयू का रिसर्च स्कॉलर है। उसका एक वीडियो कुछ दिनों पहले वायरल हुआ था जिसमें वह देश विरोधी बातें करता नजर आ रहा था। शरजिल असम को देश से काटने की बात भी करता सुनाई दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
AAP नेता संजय सिंह पर कुमार विश्वास का ये बयान तब आया है जब दिल्ली में चुनाव के चंद दिन बचे हैं। सोशल मीडिया में कुमार लगातार आम आदमी पार्टी पर हमलावर रुख अख्तियार किए हुए हैं। कभी आम आदमी पार्टी के मजबूत सिपाहियों में शामिल कुमार विश्वास अब सीधे तौर पर पार्टी और उसके मुखिया अरविंद केजरीवाल की मुखालफत करते दिख जाते हैं।