गोवा कांग्रेस को उस वक्त बड़ा झटका लगा, जब कांग्रेस के 11 में से 8 MLA भाजपा में शामिल हो गए। कांग्रेस के लिए यह झटका इसलिए भी बड़ा था क्योंकि राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक के लिए निकाली जा रही है। कांग्रेस विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने तंज कसा है।
केशव प्रसाद मौर्या ने कसा तंज
गोवा कांग्रेस के विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर केशव प्रसाद मौर्या ने ट्वीट किया कि श्री राहुल गांधी जी की भारत जोड़ो यात्रा फ्लॉप, गोवा में कांग्रेस साफ! यह भारत जोड़ो यात्रा कांग्रेस छोड़ो यात्रा से है! वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने भी कांग्रेस पर तंज कसा है।
राज्यवर्धन सिंह राठौर ने किया हमला
पूर्व केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने लिखा कि कांग्रेस की देश विभाजन वाली मानसिकता, ‘दागी परिवार’ बचाने का षड्यंत्र और “झूठ फैलाओ, बांटो, देश में आग लगाओ” की फितरत अब कांग्रेस जनों को ही बर्दाश्त नहीं हो रही। राष्ट्रवाद और देशभक्ति की भावना कांग्रेस के भारत तोड़ो चरित्र पर भारी पड़ रही है और कांग्रेस छोड़ो अभियान चल पड़ा है।
लोगों की प्रतिक्रियाएं
@ratanac81230688 यूजर ने लिखा कि आप खुद सिराथू से फ्लॉप हो गए उसका क्या हुआ? @avinashmishra08 यूजर ने लिखा कि जब पैसे देकर खरीदना ही है तो इसका क्या मतलब। विधायक जनता के प्रतिनिधि है पर प्रतिनिधित्व नहीं करते। @SonuYad13605354 यूजर ने लिखा कि शर्म आनी चाहिए उनको जो उपमुख्यमंत्री रहते हुए भी अपनी सीट हार गए, वह लोग किस यात्रा में थे।
@MANOJya49229438 यूजर ने लिखा कि छटपटाहट बता रही है कि राहुल गांधी जब से भारत जोड़ो यात्रा शुरू किए हैं तब से बीजेपी वाले लाल पीले हो रहे हैं। @VinayYa12642651 यूजर ने लिखा कि इधर वे भारत जोड़ो यात्रा पर है, इधर आज 8 विधायक खिसक लिए। पता नहीं जब तक वे वापस पदयात्रा से आएं, राहुल बाबा के सारे विधायक अपने आशियाना ढूंढ लें।
बता दें कि गोवा के पूर्व CM दिगंबर कामत, माइकल लोबो, देलिया लोबो, केदार नाइक, राजेश फलदेसाई, एलेक्सो स्काइरिया, संकल्प अमोलकर और रोडोल्फो फर्नांडीज भाजपा में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा- भाजपा भारत जोड़ो यात्रा से डर गई है और ऑपरेशन कीचड़ करने में जुटी है।