कांग्रेस की तरफ राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत की है। इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी कन्याकुमारी से जम्मू-कश्मीर तक की यात्रा करेंगे। 150 दिनों तक चलने वाली कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ 12 राज्यों से होते हुए गुजरेगी और 3570 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। राहुल गांधी के इस यात्रा पर विरोधी दल के नेता तंज कस रहे हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कसा तंज
उत्तर प्रदेश सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट कर कहा है कि राहुल गांधी जी को देश जोड़ो के स्थान पर कांग्रेस बचाओ यात्रा निकालो,देश एकजुट और अखंड है। वैसे जब तक यात्रा चलेगी, तब तक देशवासियों का मनोरंजन होगा। वहीं तमिलनाडु भाजपा प्रमुख अन्नामलाई ने तंज कसते हुए कहा है कि राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो’ नहीं ‘भारत छोडो’ यात्रा के लिए प्रसिद्ध हैं। राहुल गांधी जब इस यात्रा के माध्यम से देश में घूमेंगे तो पता चलेगा कि आठ साल में पीएम मोदी ने देश को कैसे बदल दिया और उनकी आंखें खुल जाएंगी।
हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा- पाकिस्तान में करें भारत जोड़ो यात्रा
वहीं एएनआई से बात करते हुए असम सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि 1947 में कांग्रेस पार्टी द्वारा भारत का विभाजन किया गया था। अगर वे भारत जोड़ो यात्रा शुरू करना चाहते हैं, तो राहुल गांधी को पाकिस्तान में ऐसा करना चाहिए। भारत में इस यात्रा को करने के क्या फायदे हैं? भारत पहले से ही जुड़ा हुआ और एकजुट है।
असम सीएम के बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा है कि हम असम के सीएम को गंभीरता से नहीं लेते, उन्हें 20-25 साल कांग्रेस में रहने के बाद हर दिन अपनी वफादारी साबित करनी पड़ती है। वह हाल ही में बीजेपी में आए हैं, इसलिए उन्हें हर दिन अपमानजनक बयान देने पड़ते हैं।
बता दें कि राहुल गांधी के साथ कांग्रेस नेता और पार्टी से जुड़े 300 लोग पदयात्रा में शामिल रहेंगे। कांग्रेस की तरफ से पहले ही बताया गया था कि राहुल गांधी यात्रा के दौरान किसी होटल में नहीं रुकेंगे। बताया जा रहा है कि यात्रा के लिए कुछ ख़ास कंटेनर तैयार किये हैं, जिसमें खाने-पीने, सोने की व्यवस्थाएं होगी। हालांकि अभी तक स्थिति साफ नहीं है कि 150 दिन बिना किसी होटल में रुके, 300 कार्यकर्ताओं के साथ राहुल गांधी कैसे यात्रा पूरी करते हैं!