शराब के नशे में इंसान अजीब हरकतें करने लगता है। किसी इंसान को सड़क के किनारे लेटे हुए तो किसी को गटर में गिरे हुए आपने देखा होगा लेकिन अब एक शख्स का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसने शराब के नशे में अपने गले में अजगर को लपेट लिया। इसके बाद मुश्किल से उसकी जान बचाई गई।

केरल के कन्नूर में एक पेट्रोल पंप पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आदमी नशे की हालत में था और हाथ में अजगर लिए हुए था। अजगर लेकर नशे में धुत आदमी लोगों से फोटो खींचने की बात कहने लगा। इस दौरान अजगर उसके गले में लिपटा हुआ था। अचानक अजगर ने दबाव बनाया और शख्स वहीं पर गिर पड़ा।

पेट्रोल पंप के कर्मचारी उसकी जान बचाने के लिए आगे आए और अजगर की पकड़ से शख्स को छुड़ाया। वीडियो में शराब में नशे में धुत शख्स बेहोश दिखाई दे रहा है। हालांकि बाद में पेट्रोल पंप के कर्मचारी उसे उठाकर ले गए और अजगर वहीं पास में खड़े ट्रक के पीछे चला गया। पेट्रोल पंप के सेल्स पर्सन अभिषेक ने बताया कि चंद्रन नाम का शख्स नशे में था और एक अजगर के साथ में आया।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोग इस पर हैरानी जता रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अगर पेट्रोल पंप के कर्मचारी ना होते तो उसकी जान ना बच पाती तो वहीं कुछ का कहना है कि शराब के नशे में आदमी शेर बन जाता है।

पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी ने बताया कि हमें अजगर को पकड़ने का कोई अनुभव नहीं था लेकिन जब इंसान की जान मुसीबत में देखी तो हम एक बोरी लेकर आए और अजगर की पूछ पकड़कर खींचने लगे। जैसे अजगर की पकड़ ढ़ीली हुई तो वह तेजी से भाग गया और इसकी जान बच गई।