मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ सिंधिया के कुछ समर्थक गाना गाते नजर आए तो वहीं कांग्रेस नेता सचिन पायलट का भी एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें वह फिल्मी गाना गा रहे हैं। इन दोनों नेताओं के गाने को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चा हो रही है। यूजर्स भी कई प्रकार की प्रतिक्रिया देते नजर आ रहे हैं।
दरअसल शिवराज सिंह चौहान ने अपने आवास पर रविवार की रात विधायकों का पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित किया था। इसमें मंत्री और विधायक परिवार के सदस्य भी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हाथ में माइक थाम कर शोले फिल्म का गीत गाया। उन्होंने सिंधिया समर्थकों के साथ जमकर गाना गाया। उन्होंने कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिसोदिया के साथ जुगलबंदी करते हुए गाया कि ये दोस्ती हम नहीं तोडे़ंगे।
इसी तरह का कांग्रेस नेता सचिन पायलट का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है। इस वीडियो को सचिन पायलट ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शेयर किया है, जिसमें वो राज कपूर की फिल्म जोकर का गाना – जीना यहां मरना यहां, इसके सिवा जाना कहां.. गुनगुनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पायलट के साथ खड़े कुछ और लोग भी उनके साथ गुनगुना रहे हैं।
यूजर्स की प्रतिक्रिया – अनुराग त्रिपाठी नाम के यूजर शिवराज सिंह चौहान और सिंधिया समर्थकों के गाने पर लिखते हैं कि गजब की नौटंकी चालू है, कांग्रेस से गद्दारी करने पर इन लोगों को शर्म नहीं आती। अंकुश शुक्ला नाम के यूजर ने कमेंट किया कि चोर दरवाजे से सत्ता में आने वाले लोग जोकर की तरह ही काम करते हैं। वहीं सचिन पायलट के गाने पर कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी ने लिखा कि वाह, अद्भुत।
कैलाश नाम के यूजर लिखते हैं कि सचिन पायलट जी अब ऐसा दिल जीतने का मक़सद रखिए… कुर्सी तो कभी ना कभी मिल ही जाएगी, सिंधिया की तरह दूसरी पार्टी में जाने की जरूरत नहीं है। अंकुर प्रताप नाम के ट्विटर हैंडल से कमेंट आया – शेर अगर चट्टान पर बैठ जाए तो वह चट्टान भी सिंहासन कहलाती है, देख कर खुशी हुई कि आप सत्ता के लिए राजनीति में नहीं हैं।