प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 जुलाई को देवघर एयरपोर्ट का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम के दौरान नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे। उन्होंने झारखंड के लोगों को सौगात देते हुए वादा किया कि यहां पर तीन और हवाई अड्डे बनाए जाएंगे। उनके इस बयान पर सोशल मीडिया यूजर्स चुटकी लेते हुए कहने लगे कि इसे अडानी को दे देना।

सिंधिया का पूरा बयान : नागरिक उड्डयन मंत्री ने कहा कि झारखंड में अभी रांची और देवघर में हवाई अड्डे हैं लेकिन आने वाले समय में यहां बोकारो, जमशेदपुर और दुमका में भी हवाई अड्डे बनाए जाएंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि झारखंड में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 14 नये हवाई मार्ग भी तैयार किए जाएंगे। सिंधिया ने बताया कि पिछले 8 साल से झारखंड में 1,500 विमान यात्री हर दिन सफर करते थे, अब यह संख्या 7500 हो गई है।

यूजर्स ने ऐसे कसा तंज : जयंत झा नाम के एक यूजर ने सवाल किया कि हवाई अड्डा सरकारी होगा या प्राइवेट? विवान तो प्राइवेट ही है ना? आपके मंत्रालय में अब क्या रह गया है। अरुणेश नाम के एक ट्विटर हैंडल से लिखा गया – और फिर उन्हें अडानी को बेच दीजिएगा। जनता खेल समझ चुकी है और समय आने पर जवाब भी देगी। अशोक शेखावत नाम के एक यूजर ने कमेंट किया, ‘ बढ़ती महंगाई के बीच हवा में सफर करने के लिए लोगों की जेब ने रुपयों की हवा भरना भी जरूरी है।’

एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि आने वाले समय में सब प्राइवेट हो जाएगा। आप मंत्री भी नहीं रहेंगे महाराज, क्योंकि आपका जो काम था, वो बस 2023 तक का ही था। अमरीश नाम के एक यूजर ने कमेंट किया, ‘और 50 साल के लिए अडानी को दे दीजिएगा, वाह मोदी जी वाह।’ संदीप शर्मा नाम के एक यूजर ने लिखा कि, वो सारे रखरखाव के नाम पर अडानी को बेच दिए जाएंगे।

जानकारी के लिए बता दें कि झारखंड पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि विकास की गंगा बहती रहे, हमारा यही प्रयास रहता है। जनता का आशीर्वाद ही मेरी पूंजी है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हम जिसका शिलान्यास करते हैं, उसका उद्घाटन भी हम ही कर सकते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के इस बयान पर भी सोशल मीडिया यूजर्स ने उनसे कई तरह के सवाल किए थे।