सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला शिकायत कर रही है कि उसके बेटे के माथे पर एक अन्य शख्स ने किसी हथियार से जय भोलेनाथ लिख दिया है। वीडियो में लड़के के माथे पर जय भोलेनाथ लिखा हुआ आसानी से पढ़ा जा सकता है। इस घटना की पूरी सच्चाई झकझोर देने वाली है।

मानसिक रूप से कमजोर लड़के के साथ बर्बरता

मामला उत्तर प्रदेश के बरेली के थाना प्रेमनगर क्षेत्र के शाहबाद इलाके की है, जहां मुस्लिम समुदाय के एक मानसिक रूप से कमजोर लड़के के माथे पर उसी समुदाय एक दूसरे लड़के किसी गर्म धातु से ‘जय भोलेनाथ’ लिख दिया। पीड़ित का नाम दानिश है और वह दिमागी रूप से कमजोर है। माथे पर गर्म धातु से लड़के के दागे जाने की जानकारी जैसे ही परिजनों को लगी, हंगामा शुरू हो गया।

चिल्लाता रहा लड़का, नहीं दिखाई रहम

बताया गया कि माहौल भी भिगड़ सकता है लेकिन मौके पर पुलिस पहुंच गई। बाद में पता चला कि दानिश के साथ यह हरकत किसी और ने नहीं बल्कि शादाब नाम के युवक की है जो दानिश का रिश्तेदार भी है। जानकारी के अनुसार, जब शादाब दानिश के माथे पर लिख रहा था तो वह रो रहा था, चिल्ला रहा था लेकिन उसने जरा भी रहम नहीं दिखाई और जय भोलेनाथ लिख ही दिया।

वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत पत्र देने के लिए कहा। पहले परिवार राजी हो गया था, आरोपी को हिरासत में भी ले लिया गया था। हालांकि बाद में पीड़ित और आरोपी दोनों के परिजनों के बीच समझौता हो गया। पुलिस ने इसकी पुष्टि की है कि पीड़ित के परिजन किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं चाहते हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ तो लोगों इस पर आक्रोश व्यक्त किया है। एक ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘कैसे कोई किसी इंसान के प्रति इतना क्रूर हो सकता है, जबकि ऐसा हुआ है, कम से कम उसकी मानसिक बीमारी पर विचार करना चाहिए था।’ @GujaratiGarima ने लिखा, ‘ये बेहद डरावना है, सरकार को इसको लेकर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।’

बता दें कि सोशल मीडिया पर लोगों ने इस वीडियो को अधूरी जानकारी के साथ शेयर कर धार्मिक एंगल देने की भी कोशिश की लेकिन पुलिस के सतर्क रवैये मौके पर स्थिति नहीं बिगड़ी। सोशल मीडिया पर धार्मिक एंगल देने वालों को लोगो ने खूब फटकार लगाई है।