चंद्रयान 3 को चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्व उतारकर ISRO ने इतिहास रच दिया है। पूरे देश के लोगों में इसको लेकर जबरदस्त ख़ुशी और उत्साह देखने को मिला। चंद्रयान 3 की सफलता के बाद सभी वैज्ञानिकों के साथ ही ISRO प्रमुख की खूब तारीफ हो रही है। अब एक वीडियो सामने आया है जिसमें विमान में यात्रा के दौरान क्रू मेंबर्स उनका स्वागत कर रहे हैं।
ISRO चीफ का हुआ भव्य स्वागत
सामने आये वीडियो में देखा जा सकता है कि ISRO चीफ एस सोमनाथ एक प्लेन में बैठे हुए हैं और क्रू मेंबर उनका स्वागत कर रहे हैं। जहाज में सवार यात्री तालियां बजा रहे हैं। एक क्रू मेंबर ISRO चीफ का स्वागत कर रही है तो वहीं दूसरी क्रू फ्लाइट में अनाउंस करती है कि हमें गर्व है कि आज हमारे साथ इसरो प्रमुख मौजूद हैं। इसके बाद यात्री तालियां बजाते हैं।
IndiGO ने ऐसे दी बधाई
वहीं विमान कंपनी इंडिगो की तरफ से ट्वीट कर लिखा गया, ‘आसमान से चांद तक, टीम इंडिगो ने चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के लिए इसरो के अध्यक्ष श्री एस. सोमनाथ और उनकी टीम को बधाई दी और ‘गो इंडिया गो’ का नारा लगाया!’ सोशल मीडिया पर ISRO चीफ के स्वागत का वीडियो वायरल है और लोगों कि इस पर खूब प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं
डॉ. रत्नाकर ने लिखा, ‘बड़ी प्रसन्नता हो रही है इस वीडियो को देखकर। हमारे देश के असली हीरो वैज्ञानिक ही होने चाहिए। नाचने गाने वाले तो सिर्फ कलाकार हैं, कला का भी सम्मान होना चाहिए लेकिन इतना भी नहीं जितना हमारे देश में हो रहा है।’ प्रवीण कुमार ने लिखा, ‘उत्साह में जरूर ये भाव प्रकट हुए है लेकिन देखना ये भी पड़ेगा कि इस तरह से सबके सामने उनकी पहचान सार्वजनिक करने से कही उनकी सुरक्षा में कोई चूक न हो जाये।’
रामकिशन ने लिखा, ‘स्वागत हो भी क्यों ना हमारे देश के असली हीरो तो यही लोग हैं।’ एक अन्य ने लिखा, ‘हमारे इसरो प्रमुख और उनके अन्य सहयोगियों पर गर्व है। ईश्वर उन्हें और उनकी टीम को अच्छा स्वास्थ्य, दीर्घायु और समृद्धि का आशीर्वाद दें। ये सभी इससे भी बड़े सम्मान के हकदार हैं।’ एक अन्य ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘ISRO चीफ का स्वागत और सम्मान करने के लिए इंडिगो को भी धन्यवाद कहना चाहिए।’
बता दें कि एस सोमनाथ के नेतृत्व में ISRO ने 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 को सफलतापूर्वक उतारकर इतिहास रच दिया। ISRO को मिली इस सफलता से पूरी दुनिया में भारत की चर्चा हुई। अब ISRO चीफ एस सोमनाथ का यह वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो इंडिगो के किस फ्लाइट का और कब का है, इससे जुड़ी कोई जानकारी नहीं शेयर की गई है।