भारत का महत्वकांशी मून मिशन चंद्रयान-3 आज चंद्रमा लैंड करने वाला है। इसको लेकर देश के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूलों में चंद्रयान 3 मिशन का लाइव प्रसारण दिखाने का आदेश जारी किया है। मिशन की सफलता के लिए पूजा पाठ और हवन भी किया जा रहा है। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग मिशन की सफलता के लिए प्रार्थानाएं कर रहे हैं। ट्विटर पर #Chandrayaan3Landing ट्रेंड कर रहा है।

मंदिर में हुई प्रार्थना तो मस्जिद में मांगी गईं दुआएं

चंद्रयान मिशन की सफलता के लिए मंदिर में प्रार्थनाएं हो रही हैं तो मस्जिद में नमाज भी पढ़ी गई। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए वाराणसी में साधुओं ने हवन किया तो वहीं राजस्थान के अजमेर शरीफ दरगाह में प्रार्थना हुई। सोशल मीडिया पर भी लोग मिशन की सफलता के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं। वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इस मिशन को लेकर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं।

अभिनेता अनुपम खेर ने की पूजा

अभिनेता अनुपम खेर ने भी एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह भगवान से मिशन की सफलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “पूरा देश प्रार्थना कर रहा है और देश की प्रार्थना भगवान तक पहुंचेगी।”

सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं

प्रवीण नाम के यूजर ने लिखा, ‘गर्व महसूस हो रहा है जिसे हम बचपन से चंदा मामा बुलाते थे कुछ घंटों में हम आज वहां पर मौजूद होंगे।’ @bijjuu11 ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘भले इंडिया एशिया कप हार जाये पर प्रभु chandrayan ३ को चांद पर लैंड करवा दो।’

बता दें कि भारत का मून मिशन चंद्रयान-3 आज 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर लैंड करेगा। ISRO के मुताबिक, चंद्रयान-3, 23 अगस्त की शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद के दक्षिणी ध्रुव के निकट सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। इसरो के ताजा बयान में कहा गया है कि मिशन तय समय पर है। सिस्टम की नियमित जांच चल रही है। सबकुछ सुचारू रूप से जारी है।

चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर उतरने का सीधा प्रसारण 23 अगस्त 2023 को इसरो की वेबसाइट, यूट्यूब चैनल और डीडी नेशनल पर दिखाया जाएगा, आप जनसत्ता के यूट्यूब चैनल पर भी देख सकते हैं।